संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। संयुक्त किसान मोर्चा जिला कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य 22 जुलाई को शहर में प्रदर्शन करेंगे। वे छोटूराम धर्मशाला से पुलिस लाइन तक मार्च करेंगे। इस दौरान केंद्र सरकार और अमेरिकी राष्ट्रपति का पुतला फूंककर रोष जताया जाएगा।
यह निर्णय मंगलवार को छोटूराम धर्मशाला में हुई जिला कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ सदस्य श्रद्धानंद सोलंकी ने की। इसमें ईश्वर सिंह राठी ने कहा कि 22 जुलाई को पूरे भारत में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
यह प्रदर्शन अमेरिका और भारत के बीच होने वाली डील के विरोध में है। इस डील से भारत सरकार अमेरिकी साम्राज्यवाद के सामने घुटने टेक रही है। इससे देश की जनता और विशेषकर किसानों के हितों पर जबरदस्त हमला होगा।
डील के विरोध के कारण
वक्ताओं ने बैठक में कहा कि अमेरिका जैसे विकसित देश के सामने भारतीय किसान मुकाबला नहीं कर पाएगा। यह डील किसानों के लिए हानिकारक साबित होगी। इस दौरान वीरेंद्र पहल, ईश्वर सिंह दहिया, हंसराज राणा, भगत सिंह, डॉ. सत्यपाल, सुरेश राणा, शेर सिंह, सोमवीर दहिया और रामकुमार दहिया भी मौजूद रहे।