मुरथल। असदपुर में किसी ने यमुना के अंदर अवैध रूप से खनन शुरू कर दिया तो रेत के वाहनों के कारण नांदनौर के खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाया। इससे बुधवार को किसान भड़क गए और अवैध खनन के विरोध में हंगामा कर दिया। इस दौरान किसानों ने एक वीडियो बनाकर डीसी को भेजी तो अधिकारियों ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, डीसी ने मामले में जांच बैठा दी, जिससे अवैध खनन करने वालों का पता लगाकर कार्रवाई की जा सके।
सीताराम, सिकंदर, मनोज, सुरेश आदि का आरोप है कि असदपुर व नांदनौर के पास यमुना के पानी के अंदर जेसीबी मशीनों से रेत खनन किया जा रहा है। इस बारे में खनन विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई तो वहां से बताया गया कि यमुना के अंदर पानी में खनन करने की किसी को अनुमति नहीं दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों ने उनको समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब उन खनन करने वालों ने किसानों की फसल को वाहनों से बर्बाद कर दिया है।
असदपुर में यमुना में पानी के अंदर कुछ मशीनों से खनन करने का वीडियो मिला था। इसमें अवैध खनन होने के आरोप लगाए गए। इसकी जांच शुरू करा दी गई है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - श्यामलाल पूनिया, डीसी