कुंडली बॉर्डर के पास ट्रालियों से ट्रैक्टर उतारते किसान।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। किसान ट्रैक्टर परेड को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। ट्रैक्टर परेड को लेकर किसान एक दूसरे में जोश भरने में लगे हैं। किसान तिरंगे लेकर जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। किसान ट्रैक्टरों पर तिरंगे लगाकर ही परेड में शामिल होंगे। तिरंगा लगा होने के कारण उन पर पानी की बौछारें नहीं की जा सकेंगी। ऐसे में तिरंगे को कवच के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। किसानों ने परेड के लिए फाइनल रिहर्सल भी की।
किसान परेड के लिए रिहर्सल करने में जुटे रहे। किसानों ने कहा कि इस दौरान जोरदार नारेबाजी से जोश भरा जाएगा। किसान अलग-अलग तरीकों से सरकार का विरोध कर रहे हैं। यहां कुछ युवकों ने अलग तरह का हेयर कट करवाया है, जिस पर सरकार विरोधी नारे लिखे हुए हैं। ये युवा किसान यहां दूसरे किसानों के बीच चर्चा का विषय बने रहे। किसानों ने ट्रैक्टर परेड के दौरान राशन रखने का प्रबंध भी कर लिया है। सबसे आगे प्रशिक्षित ट्रैक्टर चालक तो उनके पीछे झांकियां होंगी। इसके बाद सबसे पीछे ट्रैक्टर-ट्रालियों में राशन होगा। किसानों का कहना है कि दिल्ली में समय लग सकता है। ऐसे में वह अपना राशन साथ लेकर जा रहे हैं। वहीं, किसानों को सूचना मिली है कि दिल्ली के गुरुद्वारा प्रबंधकों ने जगह-जगह लंगर का प्रबंध किया है।
बाइकों पर तिरंगे लगाकर निकाली रैली
किसानों ने रविवार को फाइनल रिहर्सल के बाद बाइकों पर तिरंगे लेकर रैली निकाली। किसानों के एक जत्थे ने तिरंगे के साथ रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए किसानों में जोश भरा। इस दौरान किसानों ने कहा कि सरकार को किसानों की ताकत दिखाई जा रही है। सरकार को किसानों की मांगों को पूरा करना होगा।
डीजल के बढ़े दामों पर भड़के किसान, सरकार को दी नसीहत
ट्रैक्टर परेड के लिए पहुंचने वाले किसानों ने डीजल के दामों को लेकर सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। किसानों ने कहा कि जिस तरह से कृषि कानूनों को रद्द करवाने के लिए सरकार के सामने किसान अड़े हुए हैं, उसी तरह से डीजल के दामों को कम करवाने के लिए भी किसानों को एक दिन सड़क पर उतरना होगा। बिचौलियों को बीच से निकाल दिया जाए तो 80 रुपये में मिलने वाला डीजल 25 रुपये लीटर में मिलेगा। सरकार जितनी रुचि किसानों व खरीदारों के बीच से बिचौलियों को निकालने में दिखा रही है, उतनी पेट्रोल-डीजल के मामले में दिखाए तो देश के नागरिकों को काफी राहत मिल सकेगी।