सोनीपत। कुंडली के टीडीआई सिटी के एक फ्लैट में 29 जून को युवक का शव मिला था। मृतक के परिजनों ने अब मौत को सामान्य नहीं, बल्कि साजिशन हत्या बताया है। उन्होंने युवक के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के जनकपुरी निवासी रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके साले कमलजीत की 29 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी मिली थी। शुरुआत में परिजनों ने इसे हार्टअटैक माना था, लेकिन बाद में रवि ने आरोप लगाया कि यह मौत नहीं, बल्कि हत्या थी।
उन्होंने कमलजीत के दोस्त प्रतीक, दीपांशु और अन्य साथियों को जिम्मेदार ठहराया है। कुंडली थाना पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल दो युवकों को नामजद किया गया है, वहीं अन्य की भी पहचान व तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में कराया गया था। वहीं, शव से लिए गए नमूने (विसरा) को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर तस्वीर और साफ हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
युवक के शव का पोस्टमार्टम महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर में करवाया गया था। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।
रविंद्र कुमार, पुलिस प्रवक्ता।