सोनीपत। गांव मलिकपुर में चोरी की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि जांच में खुलासा हुआ कि शिकायतकर्ता ने कर्ज देने से बचने के लिए चोरी की मनगढ़ंत कहानी गढ़ी थी। पुलिस की सख्ती के बाद आरोपी मौके से भाग गया।
रविवार सुबह डायल-112 पर आई कॉल में युवक ने खुद को गांव मलिकपुर का सुमित बताते हुए दावा किया कि उनके घर से पांच लाख रुपये और सोने-चांदी के कीमती जेवर चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को सुमित ने बताया कि उनकी पत्नी मायके गई हुई थी। वह अपने भाई के साथ शादी में गया हुआ था। उसके माता-पिता घर के भूतल पर सो रहे थे जबकि वह पहली मंजिल पर रहता है। सुबह घर लौटने पर उसने चोरी की जानकारी होने का दावा किया।
नकली जेवर मिलने से खुली पोल
मौके की जांच के दौरान पुलिस को घर में रखे सोने-चांदी के नकली जेवर मिले जिससे संदेह गहरा गया। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो शिकायतकर्ता कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर भाग गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर कर्ज का दबाव है इसी से बचने के लिए उसने चोरी का ड्रामा रचा था।
जांच अधिकारी एएसआई युद्धवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को झूठी सूचना देने और जांच को गुमराह करने के आरोप में सुमित के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। झूठी सूचना देकर पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग न करें, ऐसा करना कानूनन अपराध है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।