सोनीपत। हिंदू जागरण को नई ऊर्जा एवं चेतना प्रदान करने के लिए सर्व हिंदू समाज की ओर से सनातन संस्कृति, सनातन धर्म एवं सामाजिक एकता के प्रतीक सोनीपत, बड़ौता, खानपुर, दातौली, सोनीपत, मुरथल, गनौर में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए।
पुरखास रोड पर प्रताप बस्ती के हिंदू सम्मेलन के शुभारंभ पर कल्याण नगर स्थित मंदिर श्री ठाकुर द्वारा से 51 महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम का संयोजन मंदिर समिति प्रधान पवन तनेजा ने किया। सम्मेलन के संरक्षक श्रीश्री 1008 स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज (मुरथल) ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। दीक्षा कुकरेजा मुख्य अतिथि रहे। मुख्य वक्ता संघ के क्षेत्रीय सेवा शिक्षा संयोजक, शिक्षा भारती उत्तर क्षेत्र सुभाष गुप्ता रहे।
स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि हिंदू जनमानस को एकजुट होकर भारत वर्ष को परम वैभव पर ले जाने की जरूरत है। हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है कि हर बस्ती में हिंदू एकत्रित हों और एक साथ खड़े होकर संगठित रहे। सनातन संस्कृति और सनातनी संस्कार को जीवंत रखने के लिए हमें जातियों में नहीं बंटना चाहिए।
विभाग प्रचारक प्रदीप व भारत आर्य ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हिंदू समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। वक्ताओं ने हिंदू समाज से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का आग्रह किया। जनसमूह ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।