सोनीपत। साइबर ठगों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। फर्जी चालान मैसेज और नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगों ने दो अलग-अलग मामलों में 7.34 लाख रुपये की ठगी कर ली। ओपी जिंदल ग्लोबल सिटी निवासी महिला को कार चालान भुगतान के नाम पर लिंक भेजकर 5.64 लाख रुपये का चूना लगाया गया जबकि दूसरे मामले में सोनीपत के युवक से नौकरी लगवाने के नाम पर 1.70 लाख रुपये ठग लिए गए।
बारोटा के पास स्थित ओपी जिंदल सिटी रूचिरा ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि 23 दिसंबर को उनके मोबाइल पर कार का चालान कटने से संबंधित तीन मैसेज आए थे। मैसेज में दिए गए लिंक के जरिए चालान भुगतान करने की बात कही गई थी। तीसरा मैसेज आने पर उन्हें लिंक वैध प्रतीत हुआ।
उन्होंने मोबाइल से आए लिंक पर क्लिक कर अपने क्रेडिट कार्ड से मात्र 500 रुपये का भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन उनके खाते से 2,82,130 रुपये कट गए। इसके बाद दोबारा ओटीपी लेने पर फिर से उतनी ही राशि कट गई। इस तरह कुल 5,64,260 रुपये की ठगी हो गई। बैंक से मिले मैसेज में सामने आया कि राशि 2,670 यूरो के रूप में वैलेंटिनो नाम के मर्चेंट के पास ट्रांसफर हुई है।
ठगी का पता लगते ही उन्होंने बैंक से संपर्क कर अपना क्रेडिट कार्ड बंद करवाया। साइबर ठगों ने फर्जी वेबसाइट और फर्जी लिंक के माध्यम से धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
युवक से पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर 1.70 लाख ठगे
सोनीपत के तरुण कुमार के पास सोशल मीडिया अकाउंट पर मैसेज भेजकर पार्ट टाइम नौकरी का झांसा दिया गया। युवक को झांसे में लेकर उनसे 1.70 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित को जब साइबर ठगी का पता लगा तो मामले से पुलिस को अवगत कराया। साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। नौकरी दिलाने के लिए आने वाले लिंक व मोबाइल नंबर पर संपर्क न करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें। सावधानी ही बचाव है।
- इंस्पेक्टर बसंत, प्रभारी, साइबर थाना, सोनीपत