खरखौदा। गांव जटोला में नाहरा-बहादुरगढ़ मार्ग पर हुए हादसे में फैक्टरी कर्मी की मौत हो गई। वह फैक्टरी की एक यूनिट से काम कर दूसरी यूनिट जा रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर चालक ने उन्हें कुचल दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। मृतक के भाई ऋषभ की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के तिलक नगर निवासी ऋषभ ने बताया कि उनके बड़े भाई प्रियरंजन (43) औद्योगिक क्षेत्र सैदपुर में स्थित अजीत इंडस्ट्रीज में काम करते थे। वह घर से शनिवार को ड्यूटी पर आए थे। अपने काम के सिलसिले में यूनिट 3 में स्थित अपने कार्यालय से वह जटोला में स्थित में यूनिट 2 में गए हुए थे। वह काम पूरा करने के बाद वापस यूनिट 3 में जाने के लिए निकले था कि एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उनके भाई को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। घायल को नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक वंश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।