राई। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी कर्मी पर हमला कर तीन युवक 5100 रुपये लूटकर भाग गए। घायल युवक ने एक आरोपी को पहचान लिया। उन्होंने मेडिकल कराकर मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला कासगंज के गांव नगला भवानी अर्जुनपुर नौबाद निवासी देवेंद्र ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह फिलहाल दादा भैया मंदिर के पास कुंडली में किराये पर रहते हैं। वह रात को पौने नौ बजे फैक्टरी से कमरे के लिए निकले थे। जब वह कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी के सामने पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों ने आते ही उनपर हमला कर दिया। उनकी बुरी तरह पिटाई कर युवक 5100 रुपये लूटकर भाग गए। उनमें से एक युवक गांव गढ़ी कुंडली का भोलू था। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।