संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। रोडवेज ने ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आने वाली छात्राओं की सुविधा के लिए तीन रूटों पर महिला विशेष बसें शुरू की हैं। इसमें राई क्षेत्र के दो और खरखौदा क्षेत्र का एक रूट शामिल है।
महिला विशेष बसें चलाए जाने से मुरथल स्थित ताऊ देवीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय व पीपली स्थित दलबीर सिंह महिला महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आने वाली छात्राओं को लाभ मिलेगा। छात्राओं को अब निजी वाहनों के भरोसे नहीं रहना होगा और वह समय पर कॉलेज आ जा सकेंगी।
जिले के खंड राई में ग्रामीण क्षेत्राें में बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से दर्जनभर गांवों से शहरी क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए जाने वाली छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ दिन पहले हुई जिला परिषद की बैठक में इस मुद्दे को उठाया गया था। इस पर जिला परिषद की चेयरपर्सन ने रोडवेज अधिकारियों को समस्या के जल्द समाधान करने के निर्देश दिए थे। इस पर रोडवेज डिपो महाप्रबंधक संजय कुमार ने अब मुरथल व पीपली स्थित महाविद्यालयों को ध्यान में रखते हुए तीन रूटों पर तीन महिला विशेष बसें शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
इन गांवों की छात्राओं व महिलाओं को मिलेगा लाभ
पहला रूट : सोनीपत से भिगान, रामनगर, पीपली खेड़ा, उमेदगढ़ व मुरथल आदि गांव के लिए तय किया गया है।
दूसरा रूट : नांदनौर, असदपुर, मेहंदीपुर, बख्तावरपुर, जैनपुर टिकौला, मिमारपुर व पबनेरा सहित अन्य गांव शामिल किए गए हैं। इस रूट की बस मुरथल से होते हुए गुजरेगी।
तीसरा रूट : पीपली महाविद्यालय के लिए निर्धारित किए गए इस रूट पर सिसाना, मटिंडू, रोहणा, बरोणा, कुंडल, सोहटी, पिपली आदि गांवों से बस गुजरेगी।
वर्जन
-
मुरथल व खरखौदा के पीपली स्थित महाविद्यालयों की छात्राओं को परिवहन सुविधा देने के लिए रोडवेज ने तीन रूट पर तीन महिला विशेष बसें शुरू की हैं। इसका लाभ दर्जन भर से अधिक गांवों की छात्राओं को मिलेगा। तीनों बसें शुरुआती चरण में कॉलेज समय के अनुसार एक-एक फेरा लगाएंगी। इन बसों में छात्राओं के साथ महिलाएं भी सफर कर सकेंगी। यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मुहैया करवाने के लिए रोडवेज लगातार प्रयासरत है। -कर्मबीर, डीआई, रोडवेज डिपो, सोनीपत।