कोरोना से जंग की राह में लापरवाही का रोड़ा
अमर उजाला लाइव
- टीकाकरण केंद्र की छत से एक सप्ताह से टपक रहा पानी, लोग भी नियमों का पालन नहीं कर रहे
- जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में रविवार को चलाया वैक्सीनेशन अभियान, पहुंचे 500 से ज्यादा लोग
- लंबे समय से पानी टपकने की समस्या से चिकित्सक और लोग परेशान
- वैक्सीन लगवाने आए लोगों के चेहरे पर नहीं दिखा मास्क, सामाजिक दूरी का करते रहे उल्लंघन
फोटो 27: जिला अस्पताल में टीकाकरण केंद्र के बाहर टपकती छत के नीचे रखी बाल्टियां। संवाद
फोटो 28: जिला अस्पताल में टीकाकरण केंद्र के बाहर वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे लोग कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ा रहे
फोटो 29: जिला अस्पताल में टीकाकरण केंद्र के बाहर वैक्सीन लगवाने के लिए लाइन में खड़ीं महिलाएं। संवाद
फोटो 30: जिला अस्पताल के टीकाकरण केंद्र में लोगों को वैक्सीन लगवाते फिजिशियन डॉ. शैलेंद्र राणा। संवाद
फोटो 31: असलम।
फोटो 32: राजू।
फोटो 33: सरिता।
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को लेकर जहां स्वास्थ्य विभाग लोगों को सतर्क कर रहा है और टीके लगवाने के लिए जागरूक कर रहा है। वहीं इसके खिलाफ छेड़ी गई जंग में अस्पताल प्रशासन और लोगों की लापरवाही रोड़ा बन रही है। जिला नागरिक अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर रविवार को वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान ओपीडी परिसर में टीकाकरण केंद्र के बाहर छत से टपक रहा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना रहा। उधर, अस्पताल में वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोग भी कोरोना नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दिए। अधिकतर लोगों ने मास्क तक नहीं लगा रखा था और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया जा रहा था। इस तरह की लापरवाही कोरोना संक्रमण को बढ़ावा दे सकती है।
रविवार दोपहर करीब 12 बजे वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ लगी थी। वहीं टीकाकरण केंद्र के दरवाजे के सामने छत से पानी टपकता मिला। पता चला कि पानी एक सप्ताह से टपक रहा है। वैक्सीन लगवाने के लिए आने वाले लोगों को इससे परेशानी हुई। सामान्य अस्पताल में एक ही टीकाकरण केंद्र खोले जाने के कारण कुंडली व राई क्षेत्र से पहुंचे लोगों को घंटों तक लाइन में लगने के लिए मजबूर होना पड़ा। उसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।
कोरोना नियमों की हुई अवहेलना
जिला अस्पताल में एक सप्ताह पहले तक वैक्सीन लगवाने के लिए प्रतिदिन महज 100 से 110 लोग पहुंचते थे। प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दस्तक देने के बाद सरकार ने सख्ती बढ़ाई तो वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ गई है। रविवार को कुंडली व राई औद्योगिक क्षेत्र में छुट्टी होने के चलते वहां काम करने वाले श्रमिक काफी संख्या में पहुंचे। अस्पताल में टीकाकरण केंद्र के बाहर दिनभर भीड़ लगी गई। वहां कोरोना नियमों का पालन नहीं हो रहा था। अधिकतर लोगों ने मास्क तक नहीं लगा रखा था। साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करने के नियम की जमकर धज्जियां उड़ाई गई। लोगों को कोरोना नियमों का पालना कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कोई पहल होती दिखाई नहीं दी।
यह कहना है लोगों का
फैक्टरी मालिकों ने सभी श्रमिकों को दूसरी वैक्सीन लगवाने के लिए कहा है। सुबह 8 बजे अस्पताल में वैक्सीन लगवाने पहुंच गया था। वैक्सीन लगवाने के लिए लंबी लाइन में घंटों तक खड़ा रहना पड़ा। विभाग की ओर से ज्यादा संख्या में टीकाकरण केंद्र शुरू करने चाहिए। जिससे भीड़ होने से बचा जा सके।
- असलम निवासी प्याऊ मनियारी
फैक्टरी में काम करने वाले लोगों के लिए वैक्सीन अनिवार्य कर रखी है। सरकार ने 1 जनवरी से वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाए बगैर सार्वजनिक स्थानों पर जाने की पाबंदी लगाई है। मैं सुबह सात बजे अस्पताल पहुंचकर लाइन में लग गया था। भीड़ ज्यादा होने के कारण दोपहर एक बजे के बाद भी नंबर नहीं आया।
- राजू निवासी कुंडली
भीड़ ज्यादा होने के कारण लोगों को वैक्सीन लगवाने में परेशानी हो रही है। टीकाकरण केंद्र के बाहर टपक रहे पानी को रोकने के लिए कोई प्रबंध नहीं किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा यहां आने वाले लोगों को भुगतना पड़ा रहा है।
- सरिता निवासी प्याऊ मनियारी
वर्जन
जिला अस्पताल में टीकाकरण केंद्र के बाहर टपक रहे पानी का मामला संज्ञान में नहीं है। सोमवार सुबह अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश देकर केंद्र के बाहर टपक रहे पानी को बंद करा दिया जाएगा। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए अस्पताल में दूसरा टीकाकरण केंद्र शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन