सोनीपत। जनता रिलीफ सोसायटी के जनता अस्पताल को लेकर विवाद पुलिस के पास तक पहुंच गया है। सोसायटी के पदाधिकारियों पर जनता अस्पताल के सदस्य बनाने के नाम पर व्यापारियों, उद्यमियों, नेताओं समेत 100 लोगों से 21 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगा है। पदाधिकारियों पर आरोप है कि नए सदस्य बनाने का प्रस्ताव पास करके शहर के 100 लोगों से 21-21 हजार रुपये के चेक लेने के बाद भी उनको सदस्य नहीं बनाया। इस मामले में सोसायटी के पदाधिकारियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए एसपी के पास शिकायत दी गई है। जिसपर एसपी ने जांच शुरू करा दी है और उसके आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है।
शहर में गुड़मंडी के पास स्थित जनता धर्मार्थ अस्पताल का संचालन जनता रिलीफ सोसायटी करती थी। सोसायटी के पदाधिकारियों ने 1 सितंबर 2019 को प्रस्ताव पास किया था कि सोसायटी के अधिकतर सदस्यों का स्वर्गवास हो चुका है और इसलिए नए सदस्य बनाए जाएंगे। उस प्रस्ताव के तहत 21-21 हजार रुपये का चेक लेकर 100 आजीवन सदस्य बनाने का फैसला लिया गया था। इसके बाद सोसायटी के पदाधिकारियों ने शहर के व्यापारियों, उद्यमियों, नेताओं समेत 100 लोगों से 21-21 हजार रुपये का चेक लिया। जनता धर्मार्थ अस्पताल के नाम से रसीद भी उन सभी 100 लोगों को दी गई। उसके बाद चुनाव कराया गया तो उन 100 लोगों को पता चला कि उनसे रुपये लेने के बाद भी सदस्य नहीं बनाया गया है। इसको लेकर ही अब जिला व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंगला ने एसपी को शिकायत देते हुए कहा है कि इस तरह उनको बैठक में पास हुए प्रस्ताव को दिखाकर रुपये लिए गए और रसीद देने के बाद भी सदस्य नहीं बनाया गया। इस तरह से उनके साथ धोखाधड़ी की गई है और उस शिकायत के साथ उन 100 लोगों के नाम की सूची भी सौंपी गई है, जिनसे धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया गया है। जिसमें पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जिससे मामले में कार्रवाई की जा सके।
--
जनता अस्पताल की सोसायटी के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों के नाम शिकायत
व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंगला की शिकायत पर वर्ष 2019 में सोसायटी के अध्यक्ष, सचिव समेत अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों को आरोपी बनाया गया है, क्योंकि उस बैठक में पास हुए प्रस्ताव पर उन सभी के हस्ताक्षर हैं। वहीं इस समय के पदाधिकारी उस समय सदस्य थे तो उनका नाम भी शिकायत में शामिल किया गया है। इसके अलावा अस्पताल के खिलाफ गवर्निंग बॉडी के पदाधिकारियों ने डीसी के पास शिकायत दी हुई है।
--
जनता अस्पताल के सदस्य बनाने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत पर जांच कराई जा रही है। जिसमें सभी सुबूत देखे जा रहे हैं और उसमें जिसने भी धोखाधड़ी की होगी, उसके खिलाफ जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- जश्नदीप रंधावा, एसपी
--
जिस समय यह धोखाधड़ी की गई, उस समय सोसायटी का कार्यकाल खत्म हो चुका था और उसके बाद रुपये लेेकर धोखाधड़ी की गई है। यह पूरी तरह से गलत है और इस तरह से नहीं होना चाहिए था। जहां तक उस प्रस्ताव पर मेरे हस्ताक्षर की बात है तो मैंने सदस्य होने के नाते सामाजिक कार्य को देखते हुए हस्ताक्षर कर दिए थे।
- सतीश मोहन बंसल, अध्यक्ष जनता रिलीफ सोसायटी