सोनीपत। जीटी रोड पर गन्नौर में एशिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में मार्केट अगले तीन साल में विकसित की जाएगी। इस पर तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसको लेकर कृषि मंत्रालय ने हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड के प्रस्ताव को मंजूर कर दिया है। तीन हजार करोड़ रुपये में से दो हजार करोड़ का लोन एशियन डेवलपमेंट बैंक से लिया जाएगा तो एक हजार करोड़ रुपये सरकार खर्च करेगी। मार्केट के विकसित होने पर मंडी के आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को काफी रोजगार मुहैया होगा।
गन्नौर में जीटी रोड के साथ 537 एकड़ में बनने वाली अंतरराष्ट्रीय फल, फूल एवं बागवानी मार्केट एशिया की सबसे बड़ी मार्केट होगी। इसकी मंजूरी वर्ष 2012 में मिलने के बाद शिलान्यास फरवरी 2014 में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया था। बागवानी मार्केट की जमीन की चहारदीवारी का निर्माण किया जा चुका है। अभी मार्केट परिसर में चार शेड भी बने हुए हैं। जिसमें दो शेड कवर्ड हैं और दो खुले हुए हैं। हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड की ओर से बागवानी मार्केट में सीवर, पेयजल, बरसाती पानी की निकासी और सड़कों का निर्माण कार्य किया जा चुका है। जिस पर अभी तक करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
छह माह पहले सीएम ने किया था निरीक्षण
सीएम मनोहर लाल ने 29 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मार्केट का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अफसरों को मार्केट विकसित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अगस्त तक मार्केट को चालू करने की बात कही थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण मार्केट को चालू नहीं किया गया। इसके बाद मार्केट को विकसित करने के लिए हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड के अफसरों ने प्रस्ताव तैयार करके केंद्र सरकार को भेजा। जहां कृषि मंत्रालय की ओर से मार्केट को विकसित करने व यहां पर इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने को मंजूरी दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में आधा दर्जन से ज्यादा मार्केट खोले जाएंगे
अंतरराष्ट्रीय मार्केट परिसर के अंदर फल एवं सब्जी मंडी, फिश मार्केट, फूलों की मंडी, किसान बाजार, किसान उत्पादक संगठन के लिए अलग से मार्केट खोली जाएगी। इसके अलावा डेयरी उत्पाद बेचने के लिए अलग से मार्केट होगी। डेयरी उत्पाद में दूध, दही, लस्सी, मक्खन, पनीर आदि को बेचा जाना है। वहीं मंडी परिसर में अलग से पोल्ट्री मार्केट भी शुरू की जाएगी। जहां पर हरियाणा के साथ जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश के साथ अन्य प्रदेशों के किसान अपने व्यापार शुरू कर सकेंगे। इस मार्केट के चालू होने से एक लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो जाएंगे।
वर्जन
गन्नौर में अंतरराष्ट्रीय मंडी के अंदर मार्केट को विकसित करने के लिए कृषि मंत्रालय की ओर से मंजूरी मिल चुकी है। इसके निर्माण पर करीब 3 हजार करोड़ रुपये खर्च किया जाएंगे। इसमें से एशियन डेवलपमेंट बैंक से 2 हजार करोड़ का लोन लिया जाएगा। पैसे मिलने पर टेंडर लगाकर निर्माण कार्य अगले तीन साल में पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
- जेएस यादव, एमडी हरियाणा इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कार्पोरेशन लिमिटेड