सोनीपत। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में सुबह कई मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आने से मतदान प्रक्रिया देरी से शुरू हो सकी। इसके चलते केंद्रों पर 10 मिनट से लेकर सवा घंटे तक मतदान प्रभावित रहा। इससे मतदाताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। मतदाता बूथ पर मतदान के लिए लाइनों में अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
गांव राई के राजकीय स्कूल में में बनाए गए मतदान केंद्र के बूथ संख्या 94 पर 43 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। सुबह मतदान प्रक्रिया में हुई देरी के चलते ग्रामीणों ने रोष जताया। ग्रामीण रामप्रकाश, श्रद्धानंद व सतपाल ने कहा कि जान बूझकर मतदान प्रक्रिया में देरी की गई है। उसके बाद अधिकारियों ने अन्य मशीन मंगवाकर मतदान शुरू करवाया। पीठासीन अधिकारी बिजेंद्र ने बताया कि ईवीएम में खराबी आ गई थी। जिसके बाद उसे ठीक कराने का प्रयास किया गया। बाद में दूसरी ईवीएम लगाई गई।
इसके अलावा सोनीपत के बूथ संख्या 156 पर 30 मिनट तक व्यवधान रहा। सुबह सीआरजेड स्कूल के बूथ नंबर 156 व 160 पर मशीन खराब हो गई। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं, बूथ संख्या 157 पर कुछ तकनीकी समस्या के कारण 10 मिनट तक मतदान बाधित रहा।
इंतजार के बाद दूसरी ईवीएम मंगवाई
राई के गांव गढ़ सहजादपुर के बूथ संख्या 50 पर मतदान शुरू होने से पहले ही ईवीएम खराब हो गई। सुबह 7 बजे से 8:15 बजे तक ईवीएम जब ठीक नहीं हो पाई तो अधिकारियों ने दूसरी मशीन मंगवाकर मतदान प्रक्रिया को शुरू करवाया।
बूथ संख्या 151 पर कई मतदाता इंतजार कर लौटे
हिंदू विद्यापीठ में बूथ संख्या 151 पर सवा घंटा की देरी से मतदान शुरू हुआ। मॉकपोल के दौरान ईवीएम में खराबी आ गई। बताया गया कि सीआरसी करनी नहीं आई। कई मतदाता इंतजार कर वापस लौट गए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अश्वनी कौशिक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
गन्नौर में बूथ संख्या 88 पर दो बार खराब हुई ईवीएम
गन्नौर हलके में बूथ संख्या 88 पर ईवीएम के खराब होने के चलते 1 घंटा देरी के साथ मतदान शुरू हुआ था। एक बार मशीन ठीक होने के बाद फिर से खराब हो गई। ऐसे में केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि मतदान में देरी की जा रही है।
खरखौदा में कई जगह ईवीएम दे गई जवाब
हलके में कई बूथों पर ईवीएम ने मतदाताओं को परेशान किया। झिंझौली के बूथ नंबर 176 पर मॉक ड्रिल के दौरान ही ईवीएम खराब हो गई। मशीन करीब सवा आठ बजे शुरू हुई। गांव निरथान में भी 57 नंबर बूथ पर 11:30 बजे एक मशीन खराब हो गई, जो 12:45 बजे ठीक हो पाई। इसी प्रकार रोहणा गांव में 160 नंबर बूथ पर मशीन खराब हो गई, जिसे 8.15 बजे ठीक करवाकर मतदान शुरू करवाया गया। गांव बैंयापुर में बूथ नंबर 27 पर मशीन में खराबी होने से 8:15 बजे ईवीएम को शुरू किया गया, जबकि सिलाना गांव में 71 नंबर बूथ पर 8:30 बजे से 9:30 बजे तक मशीन खराब रही। मतदाताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। खरखौदा की बूथ संख्या 130 पर विवाद होने के चलते एसीपी जीत सिंह बेनीवाल माैके पर पहुंचे। उन्होंने यहां तैनात पुलिस कर्मी को बदलकर दूसरी जगह तैनात किया।