फोटो 04- सोनीपत के राठधना रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान। संवाद
सोनीपत। तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानाें (आईटीआई) में पुस्तकालयों एवं वर्कशॉप मॉड्यूल को हर वर्ग की सुविधा के लिए खोल दिया गया है। इससे विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा, तकनीकी क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षु एवं अन्य इच्छुक नागरिक पुस्तकालयों व वर्कशॉपका लाभ उठा सकेंगे।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पुस्तकालय सुविधा के लिए दो प्रकार की सदस्यता उपलब्ध कराई गई है। पहले विकल्प में 100 रुपये प्रति माह शुल्क पर पुस्तकालय एक्सेस दिया जाएगा, जिसमें पाठन कक्ष (रीडिंग एरिया) व संदर्भ पुस्तकों का उपयोग शामिल है।
हालांकि इस श्रेणी में पुस्तकों का निर्गम (बुक इश्यू) शामिल नहीं होगा। दूसरे विकल्प में 500 रुपये प्रति माह शुल्क पर विस्तृत पुस्तकालय सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें बैठने की सुविधाओं के साथ पुस्तक निर्गम (बुक इश्यू) व डिजिटल संसाधनों तक पहुंच भी शामिल है।
मशीनों व उपकरणों का उपयोग भी कर सकेंगे युवा
इसके अतिरिक्त तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए आईटीआई की वर्कशॉप सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। वर्कशॉप एक्सेस के लिए 300 प्रति घंटे की दर निर्धारित की गई है। इसमें मशीनों व उपकरणों का उपयोग, विशेषज्ञों की निगरानी, आवश्यक सुरक्षा उपकरण शामिल रहेंगे। वर्कशॉप में उपयोग होने वाली सामग्री की लागत अलग से देय होगी। उन्होंने बताया कि आईटीआई पुस्तकालय एवं वर्कशॉप की कार्य अवधि सुबह 9 से शाम 5 बजे तक (केवल कार्य दिवस) निर्धारित की गई है।
पंजीकरण व जानकारी के लिए पोर्टल पर सुविधा
उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक युवा इस सुविधा से जुड़ने के लिए https://admissions.itiharyana.gov.in/UG/PublicLibrary/index.html पोर्टल पर पंजीकरण एवं विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए 0172-2996321 पर संपर्क किया जा सकता है।