खरखौदा। गर्मी का पारा चढ़ने के साथ ही बिजली आपूर्ति भी चरमरा गई है। मंगलवार को दिन के समय तो कट लगे ही रात को भी अनगिनत बिजली कटों ने लोगों को परेशान करने का काम किया।
बिजली निगम के अधिकारियों ने शहर को चार हिस्सों में बांटकर दावे किए जा रहे थे कि अब शहरवासियों को बिजली कटों का सामना नहीं करना पड़ेगा। गर्मी में लोढ़ बढ़ने पर भी शहर वासियों को निर्बाध बिजली दी जा सकेगी। लोड बढ़ने पर होने वाले फाल्ट अब भविष्य में परेशान नहीं करेंगे, लेकिन मंगलवार को जैसे ही गर्मी का पारा चढ़ा तो बिजली निगम के दावों के साथ ही बिजली आपूर्ति भी जवाब देती दिखाई दी। रात को तो शहर वासियों को और भी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली के हर दस मिनट में लगने वाले कट से शहरवासी देर रात करीब एक बजे तक जूझते रहे। जिससे शहर वासियों को मजबूरन जागकर रात गुजारनी पड़ी। गर्मी में पारा चढ़ते ही जब बिजली आपूर्ति का यह हाल है तो आने वाले समय में लोगों को और बिजली कटों का सामना करना पड़ सकता है।
अधीक्षण अभियंता गीतूराम तंवर ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जा रहा है। कई बार तकनीकी खराबी आने से परेशानी बढ़ जाती है। गर्मी में बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं।