मंडी अटेली। क्षेत्र में बारिश की वजह से लंबे समय तक बिजली आपूर्ति सप्लाई बाधित रही। निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बिजली सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के कारण ठीक नहीं कर पाए।
इसकी वजह से बिजली के सभी उपकरण शोपीस बन कर रह गए। वहीं रोजमर्रा के कार्य भी बाधित हो गए। वीरवार रात 12 बजे से क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई थी। इसके कारण बिजली सप्लाई भी बाधित हो गई। रात-दिन हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बिजली न होने के कारण नलकूप नहीं चल पाए। पशुपालकों की सुबह छाछ के लिए चलने वाली मेधानी भी शांत रही। कड़ाके की ठंड से लोग घरों में अलाव तापते रहे। बारिश के कारण 132 केवी बिजली पावर हाउस अटेली से जुड़े सभी गांवों की बिजली सप्लाई बाधित रही।