सोनीपत। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग बढ़ने लगी है। स्थिति यह है कि तीन दिन से लगातार 90 लाख यूनिट से ज्यादा बिजली की खपत हो रही है। एक सप्ताह पहले जहां 80 से 88 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही थी, वहीं 19 मार्च को यह 97.46 लाख यूनिट तक पहुंच गई थी। इसके बाद से रोजाना 90 लाख से ज्यादा खपत हो रही है।
सबसे ज्यादा बिजली की खपत औद्योगिक क्षेत्र में हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ इसमें और इजाफा होगा। वर्तमान में रोजाना शिकायत केंद्र में तार ढीले, फ्यूज उड़ने से संबंधित 200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो रही है। वहीं अधिकारियों ने कहा कि बिजली लाइनों की मरम्मत कराई जा रही है। तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण राहत पाने के लिए लोग बिजली के उपकरणों का सहारा लेने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बिजली निगम के अनुसार एक सप्ताह पहले तक बिजली खपत 80 से 88 लाख यूनिट हो रही थी अब तीन दिन से लगातार 90 लाख यूनिट से ज्यादा बिजली की खपत हो रही है। 19 मार्च को जहां बिजली की खपत 97.46 लाख यूनिट हो गई थी, वहीं 20 मार्च को 95.24 लाख यूनिट, 21 मार्च को 93.79 लाख यूनिट हुई थी। बढ़ते तापमान की वजह से एक सप्ताह में 9 लाख यूनिट बिजली की मांग बढ़ी है। आगामी दिनों में बिजली की खपत में लगातार इजाफा होगा।
जल्द बिजली की खपत एक करोड़ यूनिट के पार होगी
सुबह आठ से दस बजे तक लोड सबसे कम होता है। ज्यादातर फैक्टरियों व सरकारी दफ्तरों में काम सुबह 9 से 10 बजे के बीच में शुरू होता है। लिहाजा इसके चलते बिजली की खपत इन दो घंटों में सबसे कम होती है। बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। घरेलू से लेकर कृषि व औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की डिमांड में बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों लोगों को गर्मी से बचने के लिए बिजली उपकरण ही सहारा रहेंगे। बिजली अधिकारियों ने आकलन किया है कि जल्द ही रोजाना बिजली की खपत एक करोड़ यूनिट के पार हो जाएगी। बिजली की बेहतर आपूर्ति के लिए लाइनों व बिजली घरों की लगातार मरम्मत की जा रही है। बिजली लाइन के तारों को कसा जा रहा है। साथ ही पेड़ों की टहनियों की कटाई की जा रही है। जिससे हवा के दौरान टहनिया तारों पर गिरकर बिजली आपूर्ति में बाधा न बन सके।
बिजली निगम ने जारी कर रखें टोल फ्री नंबर
बिजली संबंधित शिकायत टोल फ्री नंबर- 1912, 18001801550
बिजली सुविधा केंद्र नंबर- 9315609740 , 9355171621
बिजली चोरी संबंधित शिकायत टोल फ्री नंबर- 18001807332, 9115151900
वर्जन
तीन दिन से 90 लाख यूनिट से ज्यादा बिजली की खपत हो रही है। आने वाले दिनों में बिजली की खपत और बढ़ेगी। सबसे ज्यादा बिजली की खपत औद्योगिक क्षेत्र में हो रही है। वर्तमान में रोजाना 200 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो रही है। उन शिकायतों को पूरा किया जा रहा है।-गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।