साेनीपत। नवतपा में लोगों को गर्मी का भले ही एहसास नहीं हुआ, मगर उसके बाद से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है। लोगों को अभी इससे राहत मिलने वाली नहीं है। रोजाना तापमान में बढ़ोतरी होने की वजह से बिजली की मांग भी बढ़ गई है। जिले में इस समय 1000 मेगावाट बिजली की जरूरत है, मगर 650 मेगावाट ही मिल पा रही है।
गर्मी की वजह से बिजली की खपत 1.46 करोड़ यूनिट के पार पहुंच चुकी है। गन्नौर में फाल्ट होने की वजह से अघोषित कट बढ़ रहे हैं। रविवार रात 8 बजे से रात 11ः30 बजे तक बिजली कट से संबंधित कई शिकायत दर्ज हुई हैं।
गर्मी बढ़ने की वजह से एसी और पंखे लगातार चल रहे हैं। इसकी वजह से बिजली की खपत ज्यादा हो रही है। मांग अधिक होने की वजह से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अघोषित कट लग रहे हैं। अधिकारियों की ओर से निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा था, लेकिन हकीकत उससे कोसों दूर है। सोनीपत, खरखौदा, गोहाना, राई व गन्नौर समेत ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के लंबे-लंबे कट लग रहे हैं। बिजली नहीं आने पर उपभोक्ता लगातार शिकायत केंद्र का टेलीफोन घनघनाता रहे हैं। रोजाना 850 से अधिक शिकायतें दर्ज की जा रही हैं।
ओवरलोडिंग के कारण तार में लगी आग, मीटर जले
खरखौदा। रामचौक के पास ओवरलोडिंग के कारण सोमवार सुबह पांच बजे तार में अचानक आग लग गई। इससे खंभे पर लगे मीटर भी आग की चपेट में आ गए। लोगों ने जब घरों से बाहर निकल कर देखा तो तार व मीटर धूं-धूं कर जल रहे थे। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपेटे खंभे के बीच से लेकर ऊपर तक जा रही थीं। लोगों ने अपने बिजली कनेक्शन के मेन स्विच को बंद कर दिया। लोगों ने मिट्टी डालकर खंभे पर लगी आग को किसी तरह बुझाया। मीटर जलने की वजह से 10 घरों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
यूं बढ़ती गई बिजली की खपत
तिथि खपत (यूनिट)
1 जून 1.09 करोड़
2 जून 1.15 करोड़
3 जून 1.35 करोड़
4 जून 1.35 करोड़
5 जून 1.36 करोड़
6 जून 1.45 करोड़
7 जून 1.46 करोड़
8 जून 1.35 करोड़
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की खपत में इजाफा हो रहा है। 3 जून से लगातार 1.35 करोड़ यूनिट से ज्यादा बिजली खपत हो रही है। इससे पहले 20 व 21 मई को 1.50 करोड़ यूनिट से ज्यादा बिजली की खपत हुई थी। -गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।
फोटो 04: सोनीपत में कबीरपुर के पास ट्रांसफार्मर पर मरम्मत करता बिजली कर्मी। स्रोत: बिजली निगम