फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सम्मान भत्ते के लिए गर्मी में धक्के खाने को मजबूर हुए बुजुर्ग

विज्ञापन
विज्ञापन
सम्मान भत्ता पाने के लिए बुजुर्ग भीषण गर्मी में कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र पर सम्मान भत्ते संबंधी समस्या के समाधान के लिए पहुंचने वाले बुजुर्गों को समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में भेज दिया जाता है, जबकि यहां आने पर कागजात पूरे कर आगामी दिनों में आने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है।
विज्ञापन

बुजुर्गों का कहना है कि सम्मान भत्ते के लिए लाइन में लगने के बाद भी अधिकारी सीधे मुंह बात तक नहीं कर रहे और उनको महीनों तक चक्कर काटने पड़ते हैं। अमर उजाला टीम ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित समाज कल्याण विभाग व सरल केंद्र पर स्थिति का जायजा लिया। यहां सम्मान भत्ता पाने की आस में पहुंचे बुजुर्ग एक से दूसरे कार्यालय में भटकते नजर आए।
लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में सम्मान भत्ते की समस्या के समाधान के लिए बुजुर्गों की लाइन लगी रहती है। वहां ऐसा कोई बुजुर्ग नहीं था, जो पहली बार अपनी समस्या लेकर आया हो, बल्कि बुजुर्ग कई चक्कर काट चुके हैं और उसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वहां कार्यरत कर्मी बुजुर्गों की समस्या का समाधान कागजात पूरे होने के बाद ही करने की बात कहते हैं और उनको वहां से यह कहकर चलता कर दिया जाता है। हालांकि अधिकारियों दावा करते हैं कि सम्मान भत्ते संबंधी सभी कार्य करने में सोनीपत जिला सबसे बेहतर है। सम्मान भत्ते में किसी को परेशानी आती है तो उनकी समस्या का समाधान शीघ्र करने के प्रयास किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत पूरी तरह से अलग है और जिले में सम्मान भत्ते संबंधी करीब 237 शिकायतें अभी तक लंबित हैं, जिनका कब तक निस्तारण होगा, इस बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता।
विज्ञापन

तीन माह से खा रहे हैं धक्के
मेरा एक बेटा है, जो जन्म से ही मानसिक रूप से बीमार है। सरकार की तरफ से उसे लंबे समय से सम्मान भत्ता मिल रहा था, लेकिन पिछले तीन महीने से वह बंद कर दिया है। जिसे चालू करवाने के लिए तीन माह से भटक रहे हैं। बैंक में भी कई बार चक्कर लगा चुके हैं, उन्होंने यहां भेज दिया है। समाज कल्याण विभाग में 15 दिनों में दूसरा चक्कर है। आज भी कुछ कागजात पूरे करने की बात कही है। पता नहीं समाधान हो पाएगा या नहीं।
- दर्शना देवी, बड़वासनी
कई माह से नहीं मिला सम्मान भत्ता
पति की मौत होने के बाद सम्मान भत्ते के लिए आवेदन किया था। कई माह बाद सम्मान भत्ता मिलना शुरू हुआ। अब दोबारा बंद कर दिया है। कई महीनों से सम्मान भत्ता शुरू करवाने के लिए चक्कर लगा रही हूं। आज तक समाधान नहीं हुआ। पहले कुछ कागजात पूरे करने की बात कहते थे, वह पूरे किए तो अब आवेदन लिखकर देने की बात कह रहे हैं। यहां कई चक्कर काटने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
- सुमित्रा, कोट मोहल्ला
कई बार चक्कर लगाए, आज कागजात पूरे करने की कही है बात
मेरे बेटे की मौत के बाद पोता-पोती का पालन पोषण हम कर रहे थे। दोनों बच्चों को सम्मान भत्ता मिलता था, जो मेरी पत्नी के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। कुछ समय पहले मेरी पत्नी का भी देहांत हो गया था। उसका मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करवाने के बाद बैंक ने खाता बंद करवा दिया था। साथ ही दोनों बच्चों को मिलने वाला सम्मान भत्ता भी बंद हो गया, जिसे चालू करवाने के लिए कई बार चक्कर काट चुका हूं। आज अधिकारियों ने कुछ कागजात पूरे करवाने के लिए कहा है। पता नहीं पोता-पोती को सम्मान भत्ता दोबारा मिल भी पाएगा या नहीं।
- चमन, लहराड़ा
कोरोना से पति की मौत के बाद सम्मान भत्ते के लिए लग रहे चक्कर
कोरोना काल में दो माह पहले मेरे पति की मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद सम्मान भत्ता पाने के लिए समाज कल्याण विभाग में आई हूं। वहां से सरल केंद्र में कागजात जमा करवाने की बात कही है। पैरों से लाचार हूं, चलने-फिरने में परेशानी होती है। मुश्किल से सरल केंद्र पर पहुंची हूं। यहां पर कागजात जमा करवाने के बाद पता नहीं कब सम्मान भत्ता मिलेगा। बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए यह व्यवस्था एक ही जगह की जानी चाहिए, ताकि ज्यादा चक्कर न काटने पड़े।
- बिमला, फरमाणा
बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी नहीं मिल रहा सम्मान भत्ता
पति की मौत के बाद विधवा सम्मान भत्ता मिलना शुरू हो गया था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से खाते में पैसे नहीं आ रहे। बैंक में जाकर पता किया तो कहने लगे पीछे से बंद हो गए हैं। सरल केंद्र पर आकर पता किया तो यहां कागज पर कुछ लिखकर दे दिया कि समाज कल्याण विभाग में जाकर दिखाओ। कार्यालय में जाती हूं तो कहते हैं कि सरल केंद्र पर जाओ, वहीं काम होगा। आज भी दोनों जगह के कई चक्कर काट चुकी हूं, लेकिन किसी ने भी समाधान नहीं किया।
- बाला, जुआं
वर्जन
सम्मान भत्ता संबंधी कार्य करने में सोनीपत जिला सबसे आगे है। अन्य जिलों के मुकाबले यहां बेहद कम शिकायतें आ रही हैं और जितनी शिकायतें आ रही हैं, उनका भी शीघ्र समाधान किया जा रहा है। सरल केंद्र में सम्मान भत्ता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अलग से काउंटर भी बनाया गया है। जिन लोगों को सम्मान भत्ता संबंधी परेशानी आ रही है, उनका भी जल्द समाधान कर दिया जाएगा। किसी भी बुजुर्ग या अन्य को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
विज्ञापन

- अश्विनी मदान, समाज कल्याण अधिकारी, सोनीपत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें