गोहाना (सोनीपत)। गांव गढ़ी उजाले खां में वीरवार को बुजुर्ग विजय सिंह ने अपनी डेयरी में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह करीब दो महीने से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। घटना से पहले उनका बेटे से झगड़ा भी हुआ था।
गांव गढ़ी उजाले खां निवासी अमन ने बताया कि वीरवार सुबह वह बाइक लेकर टहलने गए थे। रास्ते में उन्हें पिता विजय सिंह (62) मिले। इस पर वह अपने पिता को बाइक देकर खुद घर आ गए। अमन के अनुसार उनके पिता दो माह से मानसिक तनाव में चल रहे थे।
विज्ञापन
उनका कहना है कि कुछ देर बाद पिता घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह घायल हो गए। इस पर वह उपचार करवाने के लिए अस्पताल चले गए। इसी बीच उनके पिता ने खेतों में बनी अपनी डेयरी में पहुंचे और खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। विजय सिंह के पांच बच्चे हैं।