सोनीपत के लड़सौली के पास दुर्घटनास्त वाहन। संवाद
- फोटो : Sonipat
दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार देर रात जिले में अधिकतर स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। उसके बाद सुबह लोग सोकर उठे तो घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे के कारण हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर आठ वाहन टकरा गए। वहीं बड़ी के पास ईको वैन के डिवाइडर से टकराने के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सुबह 11 बजे तक दृश्यता 50 मीटर तक ही रही। उसके बाद कोहरे से निजात मिल सकी।
बुधवार देर रात अचानक मौसम में बदला तो बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। देर रात तक रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। लोग वीरवार सुबह उठे तो घना कोहरा छाया था। कोहरे के कारण अलग-अलग स्थानों पर आठ वाहन टकरा गए। जिसमें वैन, पांच कार व दो ट्रक शामिल हैं। जीटी रोड पर बड़ी के निकट कोहरे में ईको वैन डिवाइडर से टकरा गई। गांव रायपुर निवासी फूल कुमार ने पुलिस को बताया कि वीरवार सुबह 5 बजे वह पानीपत से दिल्ली रोड के किनारे अपने ढाबा के सामने टहल रहा था। इसी दौरान दिल्ली से पानीपत रोड पर एक तेज रफ्तार ईको आई और डिवाइडर को टक्कर मारकर पानीपत से दिल्ली रोड पर आ गई। गाड़ी में आगे बैठा व्यक्ति व चालक घायल हो गए। बाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान गांव खुबडू निवासी ईश्वर के रूप में हुई। वहीं चालक ने अपना नाम अलामेर बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, लड़सौली के पास तीन कार आपस में टकरा गईं। उससे कुछ आगे दो ट्रक भिड़ गए। गन्नौर के पास दो अन्य कार टकरा गईं। गनीमत रही कि इनमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हाईवे ट्रैफिक थाना मुरथल पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
बने रहेंगे बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश के आसार बने रहेंगे। जिसके कारण तापमान में अभी और गिरावट आ सकती है। वीरवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से शीतलहर भी चली। जिसके चलते दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 26 जनवरी के आसपास भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। फरवरी माह के पहले सप्ताह से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलनी शुरू हो जाएगी।
औसतन 2 एमएम बारिश हुई
बुधवार रात करे अधिकतर क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। राई ब्लॉक में तीन एमएम, खरखौदा और सोनीपत ब्लॉक में 1-1 एमएम, खानपुर कलां, गोहाना, गन्नौर ब्लॉक में 2-2 एमएम बारिश दर्ज हुई। 22 जनवरी व 23 जनवरी को भी बारिश के आसार है। हालांकि उसके बाद मौसम साफ हो जाएगा।
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बर्फबारी की वजह से मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बूंदाबांदी हुई है। आगे भी बारिश के आसार बने हुए हैं। डॉ. चंद्रमोहन, मौसम विशेषज्ञ