गांव कुंडल में बेटे के साथ पेंशन लेने गए वृद्ध को ईको वैन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कुंडल निवासी संजय का कहना है कि वीरवार को उसके पिता जंगली राम (95) पेंशन लेने के लिए उसके साथ पीएनबी की शाखा में गए थे। पेंशन लेने के बाद जब वे बैंक से निकले और सड़क पार कर अपने घर की तरफ जाने लगे तो ईको वैन चालक ने लापरवाही करते हुए उसके पिता को टक्कर मार दी। हादसे में उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। वह पिता को गंभीर हालत में लेकर खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचा। यहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। वह एंबुलेंस का इंतजाम कर ही रहा था कि इसी बीच उसके पिता ने दम तोड़ दिया। संजय का कहना है कि ईको चालक की लापरवाही के कारण उसके पिता की मौत हुई है।