सोनीपत। गांव भोड़वाल माजरी में होने वाले अंतरराष्ट्रीय संत निरंकारी समागम के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश के जिलों से ही नहीं, बल्कि विभिन्न प्रदेशों से भी संगत का समागम को लेकर आगमन शुरू हो गया है। दिल्ली-अंबाला रूट पर चलने वाली एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, शताब्दी ट्रेनों के साथ सवारी गाड़ियाें में भी भीड़ बढ़ने लगी है।
संत निरंकारी मिशन की ओर से गांव भोड़वाल माजरी के पास 31 अक्तूबर से 3 नवंबर तक 78वें अंतरराष्ट्रीय संत निरंकारी समागम का आयोजन किया जाएगा। समागम में हर साल करीब 5 लाख से ज्यादा अनुयायी भाग लेते हैं। महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गोवा, मध्यप्रदेश, कर्नाटक व तमिलनाडु जैसे राज्यों से संगत समागम में शामिल होगी।
समागम की तैयारियों के लिए विभिन्न प्रदेशों की संगत का आगमन शुरू हो गया है। संगत के लिए रहने, खाने-पीने व स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के प्रबंध किए जा रहे हैं। उधर ट्रेनाें में भी भीड़ का माहौल शुरू हो गया है। जिलास्तर पर भी निरंकारी अनुयायी सुबह-शाम भोड़वाल माजरी में जाकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
एक्सप्रेस ट्रेनों से लेकर सवारी गाड़ियों तक में यात्रियों को बैठने के लिए सीट नहीं मिल रही है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली-अंबाला रूट पर ट्रेनों के परिचालन की समय सारणी में सुधार किया गया है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।
दादर एक्सप्रेस 2:18 घंटे, झेलम, आम्रपाली, गीता जयंती सवा घंटा लेट
दिल्ली-अंबाला अप-डाउन रूट पर ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। ट्रेनों में भीड़ के अलावा परिचालन देरी से होने के कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को दर्जनभर एक्सप्रेस ट्रेनें व सवारी गाड़ियां सवा 2 घंटे तक देरी से चलीं। दिल्ली से अंबाला रूट पर चलने वाली 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस 1 घंटा, 12311 नेताजी एक्सप्रेस 1:16 घंटे, 64453 सवारी गाड़ी 2:03 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची। वहीं अंबाला से दिल्ली रूट पर चलने वाली 11078 झेलम एक्सप्रेस 1:21 घंटे, 11842 गीता जयंती एक्सप्रेस 1:21 घंटे, 11058 दादर एक्सप्रेस 2:18 घंटे, 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस 1:21 घंटे, 14218 ऊंचाहार एक्सप्रेस 1 घंटा, 64454 सवारी गाड़ी 2:39 घंटे की देरी से सोनीपत स्टेशन पर पहुंची।