फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहालगढ़ में नकल कराने को स्कूल की दीवार गिराई, गन्नौर में पेपर वायरल हुआ, गोहाना में उत्तर पुस्तिका लेकर भागा छात्र

विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परीक्षा
विज्ञापन

बहालगढ़ में नकल कराने को स्कूल की दीवार गिराई, गन्नौर में पेपर वायरल, गोहाना में उत्तर पुस्तिका ले भागा छात्र
-नकल विहीन परीक्षा कराने में प्रशासन, पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारी दिख रहे फेल, 14 नकलची पकड़े गए
-दीपालपुर व कैलाना में छात्रों के भविष्य को देखते हुए नकल रोकने को ग्रामीण खुद स्कूलों पर पहरा देने में लगे
-सिसाना के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का परीक्षा केंद्र हटाया गया, खरखौदा के जेबीएच स्कूल में होगी 7 मार्च से परीक्षा
फोटो 12: सोनीपत में रामजस स्कूल के बाहर लगी युवकों की भीड़ को खदेड़ती पुलिस।
फोटो 13: रामजस स्कूल पर नकल कराने को लेकर आए सीढ़ी को पुलिस आने पर लेकर भागते युवक।
फोटो 14: मॉडल टाउन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की दीवार पर चढ़े युवक।
फोटो 15: दीपालपुर के राजकीय विद्यालय के बाहर नकल रोकने को बैठे ग्रामीण।
फोटो 16: बहालगढ़ के संस्कृति स्कूल की दीवार गिराने को धक्का लगाते युवक।
फोटो 17: बहालगढ़ के संस्कृति स्कूल की गिराई गई दीवार।
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में नकल रोकने में प्रशासन, पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारी नाकाम साबित हो रहे हैं। परीक्षा के दूसरे दिन भी अधिकतर केंद्रों पर नकल चली। बहालगढ़ में नकल कराने के लिए युवकों ने स्कूल की दीवार गिरा डाली तो अन्य कई केंद्रों पर दीवार व खिड़की से केंद्र में नकल पकड़ाई गई। गन्नौर में परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही पेपर मोबाइल पर वायरल होने लगा, जिसकी शिकायत भी अधिकारियों के पास पहुंची। गोहाना में एक केंद्र से छात्र अपनी उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया। सिसाना के परीक्षा केंद्र को हटाकर जेबीएच स्कूल में कर दिया गया है। वहीं छात्रों के भविष्य को देखते हुए कुछ गांवों के लोग नकल रोकने के लिए खुद आगे आए हैं और वह स्कूलों पर खुद पहरा दे रहे हैं। जहां नकल कराने आने वाले युवाओं को भगा दिया जाता है। परीक्षा के दूसरे दिन 14 नकलची पकड़े गए है, जिनकी यूएमसी बना दी गई।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की मंगलवार से परीक्षा शुरू हुई थी और दूसरे दिन 10वी के परीक्षार्थियों का सामाजिक विज्ञान का पेपर था। परीक्षा कराने के लिए जिले में 97 केंद्र बनाए गए हैं और उनपर सुरक्षा व्यवस्था भी अफसर पूरी होने का दावा कर रहे हैं। लेकिन जिस तरह से परीक्षा केंद्रों पर नकल हो रही है, उससे यह दावा फेल हो रहा है। 10वीं के परीक्षार्थियों का पहला पेपर होने के कारण परीक्षार्थी काफी समय पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे और वह सबसे पहले अपनी सीट ढूंढने में जुट गए। इसके बाद जब पेपर शुरू हुआ तो अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर युवक अपनों को किसी तरह नकल कराने की जुगत में लग गए। युवाओं ने केंद्रों की दीवार पर चढ़कर अंदर परीक्षार्थियों को नकल थमा दी तो किसी ने खिड़की से पर्चियां अंदर पहुंचा दी। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए कई प्रशासनिक, शिक्षा विभाग व पुलिस की फ्लाइंग टीमें बनाई गई थी और यह टीमें दिनभर केंद्रों पर छापा मारती करती रही। जिस तरह बाहर से अंदर नकल करने के लिए पर्चियां जा रही थी, उस कारण ही टीमों ने जिले में 14 को नकल करते हुए दबोच लिया और उनकी यूएमसी बना दी गई।
विज्ञापन

-
बहालगढ़ के स्कूल में नकल कराने को स्कूल की दीवार गिराई, अफरा-तफरी मची
बहालगढ़ के संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रही परीक्षा में अपनों को नकल कराने के लिए युवकों ने खूब उत्पात मचाया। वहां 20 से ज्यादा युवक पहुंचे और जब उनको स्कूल के अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं मिला तो वह एकत्र होकर दीवार के पास पहुंच गए। वहां सभी ने एक साथ काफी देर तक दीवार को धक्का लगाकर गिरा दिया। जिससे स्कूल की दीवार गिर गई और वहां अफरा-तफरी मच गई। इसका पता चलते ही स्कूल का स्टाफ वहां पहुंचा और वहां से युवकों को अंदर आने से रोकने को कुछ देर के लिए कर्मचारी खड़ा कर दिया गया। स्कूल के प्रिंसिपल कृष्ण ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने स्कूल की दीवार को नकल करवाने के लिए गिरा दिया है और इसकी शिकायत पुलिस को दी जाएगी।
--
गन्नौर में परीक्षा के दौरान व्हाट्स एप पर वायरल हुआ पेपर
परीक्षा शुरू होने के लगभग आधे घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर पेपर वायरल होना शुरू हो गया। शहर के राजकीय माडल संस्कृति स्कूल में बने केंद्र के बाहर परीक्षा शुरू होने के लगभग आधा घंटे बाद ही प्रश्नपत्र का डी सेट व्हाट्स एप पर वायरल होने लगा। परीक्षा केंद्र के बाहर अभिभावकों के मोबाइल में प्रश्नपत्र पहुंच चुका था। प्रश्नपत्र के पहुंचते ही अभिभावक भी नकल बनाने में जुट गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाद जब वायरल प्रश्न पत्र में दिए गए प्रश्नों से परीक्षार्थियों के पास मौजूद प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो दोनों एक जैसे निकले। खंड शिक्षा अधिकारी एसपी कटारिया ने कहा कि यह मामला गंभीर है। परीक्षा केंद्र में तैनात किसी अध्यापक ने ही प्रश्न पत्र वायरल किया होगा। इस बारे में एसडीएम को शिकायत की जाएगी और इसकी जांच कराकर पता लगाने का प्रयास करेंगे कि यह पेपर कहां से वायरल हुआ है।
--
गोहाना में केंद्र से उत्तर पुस्तिका लेकर भागा छात्र
गोहाना में पार्क रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के केंद्र पर मंगलवार दोपहर साढ़े बारह बजे दसवीं कक्षा की परीक्षा शुरू हुई। इस केंद्र पर आरके हिंदू स्कूल के विद्यार्थी भी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा शुरू होने के करीब एक घंटे के बाद आरके हिंदू स्कूल का छात्र प्रदीप कुमार उत्तर पुस्तिका लेकर फरार हो गया। इससे ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। केंद्र अधीक्षक विनय कुमार ने इस संबंध में शहर थाना में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने आरके हिंदू स्कूल के शिक्षकों से संपर्क किया और उसके बाद में छात्र वापस केंद्र पर पहुंचा, लेकिन उसकी परीक्षा रद कर दी गई।
--
सिसाना का परीक्षा केंद्र बदला, जेबीएच में होगी 7 मार्च से परीक्षा
सिसाना में मंगलवार को 12वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान पेपर लीक होने के बाद परीक्षा केंद्र को बदल दिया गया है, लेकिन शुक्रवार तक की परीक्षाएं इस केंद्र पर होगी। उसके बाद की परीक्षाएं खरखौदा के जेबीएच स्कूल में कराई जाएगी। लेकिन जिस तरह से मंगलवार को वहां बाहरी हस्तक्षेप ज्यादा था और वहां पुलिस बल तैनात नहीं था। वहीं केंद्र पर बुधवार को पुलिस बल देखने को मिला, वहीं इस दौरान उडंन दस्ते भी परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहे। जिसके चलते इस परीक्षा केंद्र पर भी शांति बनी रही।
विज्ञापन

--
नकल रोकने को पंचायत व ग्रामीण खुद देने लगे पहरा
राई के दीपालपुर गांव में ग्रामीणों ने नकल रोकने के लिए खुद मोर्चा संभाल लिया है। ग्रामीण रतन सिंह व जगबीर ने कहा कि नकल करने से छात्र पास जरूर हो जाएंगे, लेकिन वह भविष्य में कुछ नहीं कर सकेंगे। वह किसी भी प्रतियोगिता में सफल नहीं हो सकेंगे। इस कारण ही ग्रामीणों ने फैसला लिया है कि परीक्षा केंद्र पर नकल नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए ही परीक्षा से पहले ही गेट के पास ग्रामीण बैठ जाते है और केंद्र के आसपास किसी युवक को नहीं आने दिया जाता है। इस तरह ही गन्नौर के कैलाना में सरपंच प्रतिनिधि संदीप के साथ पंच साहब सिंह, पंच अशोक के अलावा धर्मबीर, रोहताश, नरेश, रामकंवार, गांधी आदि ने स्कूल पर पहरा दिया। जिससे बाहरी हस्तक्षेप केंद्र में नहीं हो सके। इस तरह ही गांव आहुलाना के राजकीय उच्च विद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए गांव की पंचायत ही आगे आई है। ग्रामीणों ने परीक्षा के दौरान खुद खड़े होकर बाहरी हस्तक्षेप को रोका।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें