सोनीपत के गांव नाथूपुर में गांव के अड्डे पर स्थित ढाबे पर खाना लेने गए वाहन चालक को उसके पूर्व मालिक ने बुलाया तो उसने जाने से इंकार कर दिया। इस पर पूर्व मालिक ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद उसके वाहन मालिक व दोस्तों ने बीच बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। चालक के पूर्व मालिक ने वर्तमान मालिक के सीने में चाकू घोंप दिया। घायल को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
गांव खेवड़ा निवासी कपिल ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त गांव नाथूपुर निवासी दिनेश के साथ अपने टेंपो टाटा-एस (छोटा हाथी) में सवार होकर नाथूपुर के अड्डे पर गए थे। उनके दोस्त गांव वाजीतपुर सबौली निवासी रामबीर भी अपनी स्कूटी पर वहां आ गए। वह सभी संतोष ढाबे पर खाना पैक कराने पहुंचे थे।
तभी दिनेश का चालक समीर भी ढाबा पर खाना खाने आ गया। इसी दौरान गांव नाथूपुर का अंकित भी ढाबे पर पहुंचा और उसने दिनेश के पास चालक का काम करने वाले समीर को अपने साथ चलने के लिए आवाज लगाई। समीर पहले अंकित के वाहन पर चालक था। उसने अंकित के साथ जाने से मना कर दिया और वह कपिल की टाटा-एस गाड़ी में जाकर बैठ गया। इस पर अंकित भडक़ गया और उसने समीर पर हमला कर दिया। इस पर कपिल, दिनेश व रामबीर बीच बचाव करने लगे।
विज्ञापन
आरोप है कि इसी दौरान अंकित के तीन दोस्त गाड़ी लेकर ढाबे पर पहुंचे और उनकी पिटाई कर दी। बाद में वह भाग गए। इसी दौरान अंकित उन्हें 10 मिनट रूकने की धमकी देकर चला गया। कपिल का आरोप है कि अंकित अपने पिता सुनील, चालक रफीक व आजाद और एक अन्य साथी के साथ अपनी गाड़ी में सवार होकर आया। उन्होंने फिर से चारों की पिटाई कर दी। इसी बीच अंकित ने चाकू निकालकर उनके दोस्त दिनेश के सीने में घोंप दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। बाद में आरोपी भाग गए। घायल दिनेश, कपिल व अन्य को अस्पताल में ले जाया गया। जहां से दिनेश को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कपिल के बयान पर हत्या की कोशिश, अवैध शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।