खरखौदा। बहादुरगढ़ मार्ग के खुरमपुर मोड़ के पास स्थित ढाबे पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने पुलिस के साथ टैंकर से तेली की चोरी करते हुए पकड़ा है। टैंकर चालक ही इस वारदात में शामिल मिला। खरखौदा पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक की शिकायत पर टैंकर चालक और तेल खरीदने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
निरीक्षक प्रवेश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि खरखौदा-बहादुरगढ़ मार्ग पर खुरमपुर मोड़ के पास कृष्णा ढाबा है। यहां पर टैंकरों से तेल चोरी किया जाता है। इस समय एक टैंकर से तेल चोरी किया जा रहा है। सूचना मिलने पर निरीक्षक प्रवेश रात आठ बजे ढाबे पर पहुंचे तो वहां पर तेल से भरा टैंकर खड़ा था। उसके पास दो व्यक्ति खड़े थे। पूछताछ करने पर एक ने अपनी पहचान टैंकर चालक पानीपत के कृष्णपुरा निवासी जोगिंद्र व दूसरे ने रोहतक के महम निवासी प्रदीप के रूप में दी।
पूछताछ में सामने आया कि जोगिंद्र टैंकर से पेट्रोल निकलवाता है और प्रदीप उसे सस्ते दामों पर खरीद कर बाजार में महंगे दाम पर बेच देता है। टीम ने ढाबे की जांच की तो वहां पर छह कैन रखी हुई थीं, जिसमें 135 लीटर डीजल व 30 लीटर पेट्रोल भरा था।
आरोपियों के पास पेट्रोल या डीजल के भंडारण को लेकर कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इस पर निरीक्षक प्रवेश ने पेट्रोल, डीजल, बाल्टी, कीप, पाइप व खाली कैन व तेल के टैंकर सहित दोनों आरोपियों को भी पुलिस के हवाले कर दिया। खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।