संवाद न्यूज एजेंसी
राई (सोनीपत)। कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) पेरिफेरल-वे पर गांव जाखौली टोल प्लाजा के पास ट्रक का टायर बदल रहे चालक और क्लीनर को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। कुंडली थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला संभल के दीपा सराय हाजी बुद्धा की कोठी के पास रहने वाले हबीबुर्रहमान ने बताया कि वह संभल निवासी मोहम्मद सज्जाद की गाड़ी चलाते हैं। मोहम्मद सज्जाद के ट्रक पर उनके भाई काशिफ चालक थे। साथ ही संभल के तिमरदास सराय निवासी मोहम्मद इरफान क्लीनर थे। शनिवार को दोनों ट्रक में संभल के बहजोई से चावल भरकर मुरथल के लिए चले थे। जब वह रविवार को तड़के करीब सवा तीन बजे केजीपी पर जाखौली टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो उनके ट्रक का टायर पंक्चर हो गया। इसके बाद वह ट्रक को साइड में खड़ा कर पंक्चर टायर बदलने लगे। उन्होंने अपनी पार्किंग लाइट भी जला रखी थी। तभी पीछे से आए किसी वाहन ने काशिफ व इरफान को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर भाग गया। राहगीरों ने दोनों को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद कुंडली थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।