पानी की आपूर्ति न होने से खाली बाल्टी लेकर प्रदर्शन करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : Sonipat
गन्नौर। कोट मोहल्ले के करीब 25 मकानों में काफी समय से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। गर्मी में लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पेयजल समस्या की शिकायत के बाद प्रशासन की ओर से समाधान को कोई कदम नहीं उठाया गया तो महिलाओं ने शनिवार को कॉलोनी में खाली बर्तन लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने एसडीएम से उनकी पेयजल समस्या को जल्द दूर कराने की मांग की है।
कॉलोनीवासी प्रणामी, शकुंतला, मीना का कहना था कि कॉलोनी में पहले ट्यूबवेल से पानी की आपूर्ति हो जाती थी। काफी समय पर ट्यूबवेल खराब पड़ा है। अधिकारियों की अनदेखी के कारण खराब ट्यूबवेल को ठीक कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे उन्हें भीषण गर्मी में पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में विभाग की ओर से पानी का टैंकर तीन दिन में एक बार भेजा जाता है। इससे घरों में पानी की कमी रहती है। पानी आपूर्ति के लिए ट्यूबवेल ठीक कराने को अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस बारे में कई बार विधायक निर्मल चौधरी को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं कराई गई तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगी।
कोट
जिस गली में पानी की दिक्कत है, वहां पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं। रविवार से पाइप बदलने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
राजेश छौक्कर, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग