सिंचाई विभाग के एसडीओ कैलाश चंद्र से विचार-विमर्श करते एचएसआईआईडीसी के एक्सईएन कुलबीर मलिक व एस?
- फोटो : Sonipat
औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) खरखौदा में जल्द आधारभूत ढांचा तैयार करने के लिए एचएसआईआईडीसी की तरफ से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। आईएमटी में जहां 95 करोड़ रुपये की लागत से 60 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करने का काम जोरों पर है, वहीं 237 करोड़ रुपये से प्रस्तावित इंडस्ट्रियल जोन व आरएंडआर जोन की करीब 700 एकड़ जमीन पर आधारभूत ढांचा तैयार करने का टेंडर भी छोड़ दिया गया है। इसमें सड़क बनाने के साथ ही पेयजल व्यवस्था करने, सीवर लाइन बिछाने व स्टॉर्म वाटर के साथ ही बिजली व्यवस्था मुहैया करवाना शामिल है।
आईएमटी में पीने का पानी उपलब्ध करवाने के साथ ही इसके बीच में से होकर गुजरने वाली ड्रेन व माइनर को भी शिफ्ट करवाने की तैयारी एचएसआईआईडीसी की तरफ से की गई है। जिसे लेकर सिंचाई विभाग के एक्सईएन अश्वनी फौगाट व एचएसआईआईडीसी विभाग के एक्सईएन कुलबीर मलिक की बैठक हुई। जहां आईएमटी में आगामी समय में प्रतिदिन 27 क्यूसेक पीने का पानी उपलब्ध करवाने के लिए सिंचाई विभाग ने 11 करोड़ रुपये मांगे हैं। साथ ही आईएमटी के बीच से होकर गुजरने वाली थाना कलां ड्रेन को भी शिफ्ट करने की मांग की, जो आईएमटी में काटे गए प्लॉट के बीच से होकर गुजरती है, जिसे शिफ्ट करने के लिए सिंचाई विभाग ने 15 करोड़ रुपये की मांग की है, अब इस ड्रेन को आईएमटी की दीवार के साथ गुजारा जाएगा, ताकि भविष्य में आईएमटी में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले पानी की विधिवत निकासी इस ड्रेन में की जा सके। इसके साथ ही एचएसआईआईडीसी की तरफ से आईएमटी के बीच से होकर गुजरने वाली जटोला माइनर को भी शिफ्ट करने को कहा, जिसके लिए मंजूरी देते हुए सिंचाई विभाग की तरफ से इसे शिफ्ट करने पर लिए करीब दो करोड़ रुपये की मांग की गई है। एसडीओ सिंचाई विभाग कैलाश चंद्र ने बताया कि बैठक में सभी कामों पर सहमति बन गई है, एचएचआईआईडीसी की तरफ से जल्द इन प्रस्तावों को पूरा करने की मांग की गई है। ऐसे में भुगतान होने पर मंजूरी मिलते ही प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान एसडीओ जसबीर देशवाल भी मौजूद रहे।