फोटो 32- अमेरिका में सौंदर्य प्रतियोगिता ड्रीमगर्ल मिसेज इंडिया यूएसए-2025 में फर्स्ट रनर-अप का
सोनीपत। मूलरूप से सोनीपत की रहने वाली व वर्तमान में अमेरिका के ओक्लाहोमा निवासी डॉ. सुमिना गोयल ने अमेरिका में आयोजित सौंदर्य प्रतियोगिता ड्रीमगर्ल मिसेज इंडिया यूएसए-2025 में फर्स्ट रनरअप का खिताब जीता है।
भाजपा नेता ललित बत्रा ने बताया कि अमेरिका में प्रतियोगिता का आयोजन ड्रीमगर्ल मिस, मिसेज, टीन इंडिया यूएसए ब्यूटी पेजेंट की संस्थापक कमलेश चुघ की ओर से किया गया। उन्होंने बताया कि कमलेश चुघ भी सोनीपत में ही जन्मी व पली-बढ़ी हैं।
वह अब अमेरिका में एक सफल उद्यमी होने के साथ महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए वर्षों से सौंदर्य प्रतियोगिताओं व फैशन प्लेटफॉर्म दे रही हैं। वह न्यूयॉर्क फैशन वीक व पेरिस फैशन शो जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी जुड़ी रही हैं। यह उपलब्धि जिले के लिए इसलिए विशेष है क्योंंकि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की आयोजक व विजेता दोनों ही इसी शहर से हैं।
पेशे से चिकित्सक है डॉ. सुमिना
डॉ. सुमिना गोयल ने ओक्लाहोमा से प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अमेरिका के अन्य शहर में पहुंचकर अपने आत्मविश्वास, गरिमा, प्रभावशाली व्यक्तित्व से निर्णायकों को प्रभावित किया। डॉ. सुमिना ने प्रारंभिक शिक्षा जीवीएम उच्च विद्यालय से पूरी की है। हिंदू महाविद्यालय से पढ़ाई कर ऑल इंडिया मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा उत्तीर्ण कर एलटीएम मेडिकल कॉलेज, मुंबई से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है। बाद में अमेरिका जाकर स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में वह अमेरिका में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उनकी दो बेटियां अमेरिका के यूसीएलए व ब्राउन विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं। पति प्राग महाजन सिविल इंजीनियर हैं जो यूएस आर्मी कॉर्प्स के साथ कार्यरत हैं।