सोनीपत। पुलिस व प्रशासन ने शनिवार को किसान संगठनों, खाप प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, सरपंचों व प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। इसमें सभी ने कुंडली में फिर से पंजाब के किसानों का जमावड़ा नहीं लगने देने की अपील की। पुलिस आयुक्त बी सतीश बालन व उपायुक्त डॉ.मनोज कुमार ने कहा कि किसी हालत में माहौल नहीं बिगड़ने देंगे। प्रदेश में किसानों को सबसे अधिक एमएसपी दी जा रही है।
बैठक में आंतिल चौबीसा के प्रधान हवा सिंह आंतिल ने कहा कि वह इस आंदोलन का हिस्सा नहीं बनेंगे। पिछले आंदोलन ने सोनीपत को विकास के मामले में दशकों पीछे धकेल दिया। बाजीतपुर सबोली के सरपंच सुनील कटारिया ने मांग की कि पंजाब के किसानों को सोनीपत की सीमा तक न आने दिया जाए। नाथूपुर के सरपंच राकेश ने कहा कि पिछला अनुभव बहुत कड़वा था, जिससे हमारे जिले को अत्यधिक नुकसान हुआ। कुंडली उद्योगपति एसोसिएशन के प्रधान धीरज चौधरी व राई के प्रधान राकेश देवगन ने कहा कि वह सहयोग के लिए प्रशासन के साथ हैं। पिछली बार औद्योगिक क्षेत्र को बहुत ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा था। अटेरना के कर्ण सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को भी किसान आंदोलन ने बहुत क्षति पहुंचाई। क्षेत्र में सब्जी उत्पादक किसान अधिक हैं जो अपनी सब्जियां दिल्ली भेजते हैं, किंतु आंदोलन ने सब्जियां-फसलें बर्बाद कर दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया किया कि इस बार स्थिति को गंभीर नहीं होने देंगे।
खरखौदा: भारतीय नौजवान किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने वीडियो जारी कर कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना दें, दिल्ली जाने की तैयारी पूरी है और अपने ट्रैक्टरों के साथ दहिया के गांवों से किसान जरूरी दिल्ली जाएंगे। यूनियन के खरखौदा प्रधान वेद प्रकाश उर्फ बेदी ने कहा कि गांवों से किसानों के दिल्ली नहीं जाने का झूठा प्रचार किया जा रहा है, लेकिन किसान अपनी मांग के लिए दिल्ली जरूरी जाएगा। जिला कोर कमेटी सदस्य देशपाल दहिया का कहना है कि एक व्यक्ति के कहने से क्षेत्र का किसान पीछे नहीं हटेगा। यूनियन के प्रदेश महासचिव राज सिंह हलालपुर ने इस दौरान कहा है कि किसान और मजदूर ने एकत्रित होकर दिल्ली जाने का निर्णय लिया हुआ है।
दिल्ली कूच में शामिल होंगे भाकियू अंबावता के सदस्य
गन्नौर। खेड़ी रोड स्थित जाट धर्मशाला में शनिवार को भाकियू अंबावता की बैठक हुई। इसमें टिकैत गुट व किसान पंचायत संगठन के किसान नेता भी शामिल हुए। ब्लॉक अध्यक्ष बलजीत मलिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिल्ली कूच में शामिल होने का निर्णय लिया। जिलाध्यक्ष जयभगवान मलिक ने कहा कि पंजाब से आ रहे किसानों की जायज मांगों को उनका समर्थन है। दिल्ली कूच के दौरान किसी भी तरह का नुकसान होगा तो उसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस दौरान सचिन मलिक, राजेंद्र सरोहा, वेदपाल, धर्मसिंह, जीत मास्टर, सत्यवान, सतनारायण तेवड़ी मौजूद रहे।
सतीश सरोहा के नेतृत्व में ट्रैक्टर कूच का समर्थन : गांव राठधना सतीश सरोहा ने नेतृत्व में हुई बैठक में किसानों के ट्रैक्टर कूच का समर्थन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि अब तक किसानों की मांग पूरी नहीं हो सकी है। इस दौरान अत्तर सिंह, सुंदर सिंह, जिले सिंह, बलराज सिंह, भगत सिंह, धर्मबीर सिंह, कर्मवीर सरोहा नंबरदार, करतार सिंह, जयसिंह, कुलदीप सिंह, महेंद्र सिंह मौजूद रहे।