सोनीपत। गांव बड़वासनी स्थित कुलदीप मलिक खेलकूद अकादमी की चार पहलवानों ने राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण व दो कांस्य पदक जीते हैं। इससे अकादमी के पहलवानों में खुशी का माहौल बना हुआ है। अकादमी संचालक कुलदीप मलिक का कहना है कि लौटने पर विजेता पहलवानों का स्वागत किया जाएगा।
हिसार के जागलान में स्थित हरियाणा योद्धा कुश्ती अकादमी में 20 से 21 मार्च को राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पहलवान निकिता व वंशिका ने अंडर-15 आयुवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है। निकिता ने 42 किलो भार वर्ग और वंशिका ने 54 किलो भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए।
वहीं पहलवान दिपांशी व गायत्री ने दिल्ली राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। यह प्रतियोगिता दिल्ली के आजादपुर में स्थित छत्रसाल स्टेडियम में 18 मार्च को आयोजित की गई थी। इसमें गांव राजपुरा की दिपांशी ने अंडर- 15 के 46 किलो भार वर्ग में व गायत्री ने अंडर-20 के 53 किलो भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों पहलवानों को उनके भार वर्ग में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया हैं।
अकादमी संचालक ध्यानचंद एवं भीम अवाॅर्डी कुलदीप मलिक ने पहलवानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि स्टेट चैंपियनशिप में अकादमी की पहलवानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। पहलवानों को कड़ा अभ्यास कराकर भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जा रहा है। शिक्षा खेल अधिकारी जगबीर मलिक, अकादमी प्रशिक्षक अजय मलिक, रणधीर मलिक, अंतरराष्ट्रीय रेफरी वीरेंद्र मलिक, राज सिंह छिक्कारा व शमशेर भैंसवाल ने पहलवानों को पदक जीतने पर बधाई दी।