संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सोनीपत जिले ने हरियाणा में दूसरा स्थान हासिल किया है। एक माह तक चले विशेष अभियान में छह लक्षित श्रेणियों के 66,347 लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। 2,514 एनीमिक लाभार्थियों का फॉलो-अप कर उन्हें उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
यह जानकारी शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला समन्वय एवं समन्वयन समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता नगराधीश सिमरन ने की। सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन सह-अध्यक्ष रहीं।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में छह लक्षित वर्गों में एनीमिया की स्थिति का विस्तृत विश्लेषण किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले चरण में संवेदनशील क्षेत्रों और अधिक प्रभावित वर्गों पर विशेष फोकस किया जाएगा, ताकि एनीमिया की दर में प्रभावी कमी लाई जा सके।
नगराधीश सिमरन ने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, विकास सहयोगी संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में आरबीएसके टीम, सीएचसी बढ़खालसा और सीएचसी जुआं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई। वहीं सीएचसी खरखौदा और सीएचसी हलालपुर में स्क्रीनिंग की प्रगति अपेक्षाकृत कम मिलने पर संबंधित अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार कर अभियान में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।