सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में सोमवार से दो दिवसीय जिलास्तरीय युवा महोत्सव का आगाज किया जाएगा।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की तरफ से आयोजित युवा महोत्सव में भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। 18 व 19 नवंबर को आयोजित किए जाने वाले युवा महोत्सव का उद्देश्य जिले के युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना व उनकी प्रतिभा को निखारना है।
जिलास्तरीय युवा महोत्सव के पहले दिन डीसीआरयूएसटी मुरथल के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। युवा महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को प्रात:कालीन सत्र में गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान मुख्यातिथि रहेंगे। जबकि सायंकालीन सत्र में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा व सोनीपत विधायक निखिल मदान बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और महोत्सव के विजेता युवाओं को पुरस्कृत करेंगे। आईटीआई के प्राचार्य विक्रम सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्य की संस्कृति पर आधारित होंगी गतिविधियां
युवा महोत्सव में समूह नृत्य व लोक गीत, एकल लोक नृत्य एवं गीत, कहानी लेखन, पोस्टर बनाओ, भाषण, फोटोग्राफी, विज्ञान परियोजना व मॉडल सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में आयोजित होने वाले लोक नृत्य व गीत हरियाणा राज्य की संस्कृति पर आधारित होने के साथ सभ्य भाषी होने चाहिए। समूह प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की संख्या कम से कम पांच और अधिक से अधिक 13 होनी चाहिए और प्रस्तुति ऐसी परंपरा से संबंधित होनी चाहिए जो प्रदेश में लुप्त होने की कगार पर हैं।
विजेताओं को नकद पुरस्कार से किया जाएगा सम्मानित
जिलास्तरीय युवा महोत्सव में विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रथम आने वाले प्रतिभागी को 2100 से 21 हजार तक, द्वितीय आने वाले प्रतिभागी को 1500 से 15 हजार व तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 1100 से 11 हजार रुपये नकद राशि व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग ले सकेंगे।