गन्नौर। विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 95 फीसदी से अधिक मतगणना प्रपत्रों का वितरण पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी ईआरओ एवं एसडीएम प्रवेश कादियान ने वीरवार को पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतगणना प्रपत्र वितरित करने के साथ-साथ उन्हें एकत्रित कर डिजिटल अपलोड भी कर रहे हैं। 25 जून तक 4.55 फीसदी प्रपत्र डिजिटल रूप से अपलोड किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी और राजनीतिक दलों के बीएलए समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। एसडीएम ने बताया कि 14 जुलाई तक प्रपत्र एकत्रित कर अपलोड किए जाएंगे।
गन्नौर विधानसभा में 223 मतदान केंद्रों के लिए 223 बीएलओ और 24 सुपरवाइजर नियुक्त हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए उपमंडलीय परिसर में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां एसआईआर से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।