फोटो 10: सोनीपत के खरखौदा स्थित पुराने बाजार में इमारत ढह जाने से फैला मलबा। संवाद
खरखौदा। पुराने बाजार में एक जर्जर इमारत तोड़े जाने के दौरान भरभराकर धराशायी हो गई। इमारत को तोड़ रहे दो मजदूरों में एक ऊपर ही चढ़ा हुआ था जो इसके गिरने के साथ ही नीचे गिर गया। गनीमत रही कि वह मलबे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा सामने आ सकता था।
शहर के पुराने बाजार में कई दुकानों के ऊपर एक बरामदा बना हुआ था। इमारत की जर्जर हालत को देखते हुए उसके मालिक विनसी की ओर से उसे तुड़वाया जा रहा था।
मकान मालिक को भी आशंका थी कि इमारत इस हालत में है कि अगर यह गिर गई तो गली से गुजरने वाले किसी भी राहगीर को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में उनकी ओर से दो मजदूर लगाकर इमारत को तुड़वाया जा रहा था।
वीरवार दोपहर उस दौरान यह जर्जर इमारत भरभरा कर ढह गई जब मजदूरों की ओर से इसे तोड़ा जा रहा था। चौबारे की दीवारें ढह गईं और मलबे सहित आ गिरी। कमजोर हो चुकी दुकानों की छत की कड़ी ऊपर के मलबे का भार सहन नहीं कर पाई और नीचे का हिस्सा भी धराशायी हो गया।
इसी बीच इमारत को ऊपर चढ़कर तोड़ रहा मजदूर भी मलबे के साथ ही नीचे आ गिरा। दूसरी तरफ गली से इस दौरान कोई गुजर नहीं रहा था। दुकान मालिक विनसी का कहना है कि वह मजदूरों से इमारत को तुड़वा रहे थे। इमारत काफी कमजोर हो चुकी थी जिसके कारण यह गिर गई।