फोटो 35: सोनीपत के केएमपी एक्सप्रेस वे पर हादसे में क्षतिग्रस्त हुई डायल-112 की गाड़ी। संवाद
खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे पर गश्त करने के लिए जा रही डायल-112 की गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। गाड़ी के आगे चल रहे कैंटर चालक ने लापरवाही करते हुए अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पुलिस की गाड़ी उससे जा टकराई। हादसे में चालक व एसपीओ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ईएएसआई नरेंद्र की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ईएएसआई नरेंद्र का कहना है कि उनकी एमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल ड्यूटी इन दिनों केएमपी एक्सप्रेस वे पर लगी हुई है। वह एक्सप्रेस वे पर ही गश्त करने के लिए जा रहे थे, चालक नवीन कुमार गाड़ी चला रहे थे जबकि उनके साथ वह खुद और एसपीओ सुरेंद्र भी गाड़ी में बैठे हुए थे। जब वह केएमपी पर गश्त कर रहे थे तो उनके आगे एक कैंटर चल रहा था, जिसका चालक उसे लापरवाही से चला रहा था। उसने अचानक से कैंटर ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी गाड़ी कैंटर से जा टकराई और क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक नवीन व एसपीओ सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद रेफर कर दिया गया। कैंटर चालक जगजीवन के खिलाफ खरखौदा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फोटो 35: सोनीपत के केएमपी एक्सप्रेस वे पर हादसे में क्षतिग्रस्त हुई डायल-112 की गाड़ी। संवाद