साेनीपत। नगर निगम क्षेत्र में होने वाले विकास कार्यों को लेकर सेक्टर-23 स्थित सामुदायिक केंद्र में शुक्रवार को सुबह वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक हुई। इसमें 16.12 करोड़ रुपये से होने वाले विकास कार्यों के लिए मंजूरी दी गई। इनमें निगम क्षेत्र में रात्रि प्रकाश व्यवस्था के लिए 2500 स्ट्रीट लाइट लगाने पर 2.5 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
मेयर राजीव जैन का कहना है कि इससे निगम क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। जल्द नगर निगम की ओर से टेंडर लगाया जाएगा। टेंडर आवंटित होने के बाद भी काम शुरू कराया जाएगा। इससे लोगों को काफी राहत मिल सकेगी। बैठक का संचालन आयुक्त हर्षित कुमार ने किया। सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा, डिप्टी मेयर मंजीत गहलावत, कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मदान, सदस्य सुरेंद्र नैय्यर भी मौजूद रहे।
प्रोजेक्ट के अनुासर जारी बजट : वार्ड 14 में मधुबन नगर की गलियों में इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाने पर 1.05 करोड़ तो सेक्टर-23 बूस्टिंग स्टेशन से लेकर ककरोई रोड स्थित मैन पंपिंग स्टेशन तक सीवर लाइन बिछाने पर 2.28 करोड़ मंजूर किए। वार्ड 13 में डबल स्टोरी, तारा नगर व मॉडल टाउन में गलियों के निर्माण पर 1.47 करोड़ खर्च होंगे।
गढ़ी ब्राह्मणान गेट से लेकर दमकल कार्यालय तक सीवर लाइन दबाने में 99.10 लाख व दमकल कार्यालय से सेक्टर-23 के डिस्पोजल पंप तक सीवर लाइन दबाने पर 1.91 करोड़ और लहराड़ा से एमपीएस ककराेई रोड तक सीवर लाइन दबाने के लिए 2.49 करोड़ खर्च होंगे। राठधना डिस्पोजल पंप से राठधना सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक सीवर लाइन बदलने व मरम्मत के लिए 3.42 करोड़ का बजट है।