गोहाना में रैली में पहुंचने का न्यौता देते डॉ अरविंद शर्मा। स्रोत : संवाद
गोहाना। 29 मार्च को नई सब्जी मंडी में होने वाली धन्यवाद व विकास रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि रैली में विकास कार्यों के सौगातों की घोषणा की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसमें मुख्यातिथ्य होंगे और इलाके के लोगों में जबरदस्त उत्साह है।
गोहाना में अलग-अलग जगहों पर सभाएं कर मंत्री ने लोगों को रैली में पहुंचने का न्यौता दिया। सैनी धर्मशाला इंद्रगढ़ी, अग्रवाल सत्संग भवन, देवीपुरा और खंदराई मोड़ समेत कई स्थानों पर कार्यक्रम किए गए। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने जनहित के काम किए हैं जिससे लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है।
मंत्री ने कहा कि गोहाना में हो रही इस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खास जोश है। न्यौता कार्यक्रमों के दौरान मंत्री ने कई जगह विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा भी की। सैनी धर्मशाला के लिए 21 लाख रुपये, शिव मंदिर के लिए 11 लाख रुपये, रहबारी चौपाल के लिए 21 लाख रुपये और पाबूजी मंदिर के लिए 5 लाख रुपये देने की बात कही गई।
उन्होंने कहा कि ये काम लोगों के समर्थन और भरोसे की वजह से संभव हो रहे हैं। इस दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।