गन्नौर। नकली उत्पाद बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए किराना दुकानदार के खिलाफ गन्नौर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि पुनीत ढींगरा ने पुलिस को बताया कि गन्नौर क्षेत्र में सर्वे के दौरान पुरानी सब्जी मंडी स्थित जतिन किराना स्टोर पर नकली हार्पिक बेचे जाने की शिकायत मिली। इस पर उप निरीक्षक जगदीश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान की तलाशी ली। मौके पर 500 एमएल के 57 पीस और 200 एमएल के 48 पीस नकली हार्पिक की बोतल बरामद की गई। पुलिस ने सैंपल लेकर बाकी माल को कब्जे में ले लिया। जांच में सामने आया कि दुकानदार रुपये के लालच में नकली सामान बेच रहा था। इस संबंध में थाना गन्नौर में कापीराइट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।