संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सारंग रोड स्थित रेलवे अंडरपास करीब तीन दशक से शहरवासियों के लिए नासूर बना हुआ है। रेलवे पार्क के पास बने इस अंडरपास में दूषित पानी का स्थायी जलभराव लोगों की रोजाना की आवाजाही को प्रभावित कर रहा है।
इस अंडरपास की हालात यह है कि हल्की बारिश होने पर भी इसमें पानी भर जाता है। लोगों को जान जोखिम में डालकर इसके नीचे से गुजरना पड़ता है। अंडरपास के दोनों ओर लंबे समय से कचरे के ढेर लगे हुए हैं। इनका उठान न होने से नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है जबकि कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी बदल चुके हैं। बारिश होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। अंडरपास में कई फीट दूषित पानी भर जाता है। ऐसे में लोगों को लंबी दूरी तय करके गोहाना रोड स्थित आरओबीस से जाना पड़ता है।
इस समय तीन दिन से अंडरपास में दूषित पानी भरा हुआ है। आसपास फैला कचरा सड़क तक आ चुका है जिससे राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। राहगीर राजेंद्र, मनोज व मुकेश के अनुसार जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से डाली गई सीवर लाइन समय के साथ कई जगह से लीकेज हो चुकी है। इसकी वजह से अंडरपास में बार-बार जलभराव हो रहा है।
पुराना डिस्पोजल पंप भी नाकाम
अंडरपास से पानी निकासी के लिए वर्ष 1995 में लगाया गया डिस्पोजल पंप अब कारगर साबित नहीं हो रहा। कभी मोटर खराब होने तो कभी सीवर लाइन में खराबी के कारण जलनिकासी व्यवस्था ठप रहती है। नतीजतन, अंडरपास में पानी भरना आम बात बन गई है।
-अंडरपास में नई सीवर लाइन डालने के लिए करीब 35 लाख रुपये का वर्क ऑर्डर जारी किया गया है। रेलवे से मंजूरी मांगी गई है और निकाय चुनाव के बाद इस संबंध में बैठक की जाएगी। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू करने का दावा किया गया है।
पदमभूषण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम