सोनीपत। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नेहा सिंह ने सोमवार को विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान के 14 मॉड्यूल के अनुसार विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं। उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के साथ सेवा, सुशासन, अंत्योदय और विकसित भारत-2047 के संकल्प को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर की शाम आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम जिले के सभी बूथों, अमृत सरोवरों और प्रमुख विकास परियोजनाओं के स्थलों पर होगा। 250 मिलियन बच्चों के सपनों का भारत के तहत सरकारी व निजी विद्यालयों में विकसित भारत की अवधारणा पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। नमो सेवा गाथा के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामुदायिक केंद्रों में नुक्कड़ नाटक होंगे।
25 सेवा गतिविधियों से जुड़ेगा आमजन
मॉड्यूल-9 सेवा मेरा योगदान के तहत नगर निगम आयुक्त सोनीपत को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता सेवा, स्वास्थ्य जांच, सीवर संबंधी कार्य, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, योग, नशा मुक्त भारत अभियान सहित 25 निर्धारित सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा ब्लाॅक में कम से कम दो स्थान चिन्हित कर इन गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
8 सितंबर तक भेजनी होगी कार्यक्रमों की कार्ययोजना
उपायुक्त ने विभागाध्यक्षों को 8 सितंबर तक संबंधित मॉड्यूल एवं गतिविधियों के अनुसार कार्ययोजना भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीधे तौर पर सेवा संकल्प अभियान के आयोजन से नहीं जुड़े विभाग भी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स व उपलब्धियों को चिह्नित करेंगे।