सोनीपत। प्रदेश के डेंगू के मरीजों को मुफ्त प्लेटलेट्स मिलेगी। यह सुविधा अभी केवल प्रदेश में तीन मेडिकल कॉलेजों व दो नागरिक अस्पतालों में मिलेगी और इनमें भी हरियाणा के रहने वालों को यह मुफ्त में मिल सकेगी। अभी तक बीपीएल परिवारों के लोगों को ही यह सुविधा मिल रही थी। मरीजों के इलाज के लिए सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है। डेंगू के मरीजों को इस तरह की सुविधा के लिए रिहायशी प्रमाण पत्र दिखाना होगा और इसके साथ ही नागरिक अस्पताल से रेफर होना जरूरी है।
प्रदेश में वर्ष 2012 से बीपीएल कार्डधारक के लिए प्लेटलेट्स फ्री उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए थे। अन्य श्रेणी के लोगों को डेंगू के इलाज के लिए प्लेटलेट्स के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ती थी। सिंगल डोनर प्लेटलेट्स के लिए 8500 रुपये देने पड़ते थे। अब प्रदेश के लोगों को डेंगू के इलाज में प्लेटलेट्स के लिए पैसे देने की आवश्यकता नहीं होगी। अब उनका इलाज मुफ्त होगा। डेंगू के मरीजों को इस तरह की सुविधा गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज, रोहतक पीजीआई व करनाल के मेडिकल कॉलेज के साथ पंचकूला व गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में मिलेगी। अगर मरीज ज्यादा सीरियस है, तो उसे नागरिक अस्पताल से रेफर किया जा सकता है। इस तरह की सुविधा के लिए व्यक्ति के पास रिहायशी प्रमाण पत्र होना चाहिए।
किस जिले के मरीजों को यहां मिलेगा इलाज
गुरुग्राम, नूंह, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद व पलवल के डेंगू के मरीजों को गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में प्लेटलेट्स मिलेगी। पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर के मरीजों को नागरिक अस्पताल पंचकूला में सुविधा मिलेगी। करनाल, जींद, कैथल व कुरुक्षेत्र के मरीजों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज करनाल में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा रोहतक, भिवानी, चरखीदादरी, झज्जर, हिसार, फतेहाबाद व सिरसा के मरीजों को पीजीआई रोहतक में और सोनीपत व पानीपत के मरीजों को गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में सुविधा मिलेगी। इसके लिए सरकार की तरफ से 10 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।
--
प्रदेश के डेंगू के मरीजों को उपचार के लिए मुफ्त प्लेटलेट्स मिलेगी। डेंगू के मरीजों को यह सुविधा प्रदेशभर में तीन मेडिकल कॉलेजों व दो नागरिक अस्पतालों में मिलेगी। इसके लिए सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया है।
-डॉ. जितेंद्र, जिला मलेरिया अधिकारी सोनीपत।