सोनीपत। अखिल भारतीय आह्वान पर भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई ने सोमवार को शहर में जुलूस निकाला। कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम दो मांगपत्र सौंपे। इनमें श्रमिकों की आर्थिक-सामाजिक सुरक्षा, वेतन, पेंशन, ईपीएफ, ईएसआईसी, बोनस और रोजगार सुरक्षा की मांगें उठाईं।
जिलाध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए श्रमिकों के वेतन, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन से जुड़ी मांगों का जल्द समाधान जरूरी है। अखिल भारतीय सदस्य उर्वशी ने भी समस्याओं के समयबद्ध समाधान की मांग की।
मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र में एचकेआरएन, शिक्षा, स्वास्थ्य, जनस्वास्थ्य, बिजली, परिवहन, आंगनवाड़ी, वित्त, श्रम, शहरी स्थानीय निकाय और विकास एवं पंचायत विभागों व संस्थानों के कर्मचारियों की लंबित मांगें शामिल रहीं। इस दौरान जिला मंत्री रवि कुमार, जिला कोषाध्यक्ष गोवर्धनदास, खुशीराम, बीर सिंह, राजेश, दिनेश, रवि, कर्मवीर और संदीप मौजूद रहे।
ये हैं प्रमुख मांगे
प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र में न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह, ईएसआईसी की सीलिंग 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये और ईपीएस पेंशन न्यूनतम 7500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई। एनएचएम, समग्र शिक्षा, आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, मिड-डे-मील समेत स्कीम वर्करों को स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने, ठेका व संविदा कर्मचारियों को नियमित करने तथा तब तक समान काम-समान वेतन लागू करने की मांग भी रखी गई।