सोनीपत। कृषि यंत्र खरीदने की स्वीकृति पा चुके जिले के किसान 18 अगस्त तक उपकरण खरीद सकेंगे। 18 अगस्त तक खरीदे गए कृषि यंत्रों के बिल 24 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) योजना 2026-27 शुरू की है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि विभाग में दस्तावेज जमा कराने वाले और पोर्टल पर दस्तावेज सही पाए जाने वाले किसानों को कृषि यंत्र खरीदने की स्वीकृति दी गई है। कृषि उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि योजना के तहत जिले में 25 प्रकार के कुल 1089 कृषि यंत्रों की खरीद को मंजूरी दी गई है। इनमें 553 रोटावेटर और 430 लेजर लैंड लेवलर सहित अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं।
दस्तावेजों की जांच में 10 किसानों के रोटावेटर और नौ किसानों के लेजर लैंड लेवलर से संबंधित दस्तावेज मानदंडों के अनुरूप नहीं मिले।सहायक कृषि अभियंता नवीन हुड्डा ने बताया कि किसान विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत निर्माता या डीलर से ही कृषि यंत्र खरीदें। संवाद