संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दिल्ली से कालका तक हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस ट्रेन को दोबारा से चलाने और कई और एक्सप्रेस ट्रेनों के सोनीपत स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई है। निवर्तमान मेयर राजीव जैन ने दिल्ली पहुंचकर मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी से भेंटकर सोनीपत के दैनिक रेल यात्रियों की समस्याओं से संबंधित 15 सूत्रीय पत्र सौंपा।
जैन ने बताया कि सोनीपत से प्रतिदिन 30-40 हजार रेल यात्री दिल्ली जाते हैं। सरकारी कर्मचारी समय पर अपने कार्यालयों में नहीं पहुंच पाते हैं। पत्र में लिखा है कि सोनीपत से दिल्ली जाने वाली सभी ईएमयू गाड़ियों में बोगियों की संख्या बढ़ाई जाए।
सोनीपत से सुबह 6:35 बजे दिल्ली के लिए चलने वाली पैसेंजर गाड़ी दोबारा शुरू की जाए। होशियारपुर एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस का ठहराव सोनीपत में किया जाए। महिला स्पेशल में बोगियों की संख्या बढ़ाने, जींद से सोनीपत आने वाली गाड़ी को दिल्ली तक चलाने की मांग की गई है।
उन्होंने बठिंडा एक्सप्रेस का दिल्ली से चलने का समय 2:30 बजे करने, दिल्ली पानीपत के बीच सुबह 8:50 बजे से 10 बजे तक नई पैसेंजर गाड़ी चलाने के साथ ईदगाह कॉलोनी, ज्ञान नगर के वासियों को रास्ता देने की मांग रखी।
इस पर मंडल रेल प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि विभाग से रिपोर्ट लेकर जल्द ही सकारात्मक परिणाम दिए जाएंगे। मुलाकात के दौरान रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य मनिंदर सिंह सन्नी भी साथ थे।