फोटो 03- सोनीपत के गांव चिटाना के नहर पुल के पास सड़क मरम्मत करवाने व ब्रेकर बनवाने की मांग करत
सोनीपत। गांव चिटाना के ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर पर पुल के पास सड़क की मरम्मत करवाने व ब्रेकर बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर ब्रेकर के अभाव में आए दिन हादसा होने का भय बना रहता है। कई बार दोपहिया वाहन फिसलने से चालक चोटिल हो चुके हैं। ब्रेकर की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों को पत्र दिया गया है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी, संदीप, सुरेंद्र, विकास, कुलदीप, नरेंद्र, जोगेंद्र, सुरेश ने बताया कि पुल के पास सड़क पर दो छोटे ब्रेकर ही बनाए गए हैं। ब्रेकर कम होने की वजह से कई बार सड़क से ओवरलोड वाहन तेज गति से गुजरते हैं। इसके कारण हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। जल्द ही सर्द मौसम के दौरान ठंड व कोहरे के कारण वाहन चालकों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी।
ब्रेकर न होने से कोहरे में अनहोनी होने की आशंका बनी रहेगी। इसके अलावा बड़वासनी नहर के पास पुल से आगे व गांव चिटाना के पुल के पास सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। इससे वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मांग है कि प्रशासन समय रहते सड़क पर ब्रेकर बनवाने का कार्य शुरू करवाए अन्यथा ग्रामीण जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।