नकली नोट मामले में सोनीपत तक पहुंची जांच, आरोपी के घर से मशीन बरामद
सोनीपत। दिल्ली में नकली नोटों की सप्लाई के मामले में गिरफ्तार ठरू निवासी युवक के सेक्टर-12 स्थित घर से नकली नोट छापने की मशीन और अन्य सामान बरामद होने के बाद जांच सोनीपत तक पहुंच गई है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 500 रुपये के 1476 जाली नोट बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत 7.38 लाख रुपये है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
ठरू निवासी साहिल खर्ब के सेक्टर-12 स्थित घर के बाहर ‘खर्ब एंटरप्राइजेज वॉटर सॉल्यूशन’ के नाम से आरओ कारोबार का बोर्ड लगा है। दिल्ली पुलिस की टीम एक अक्तूबर को साहिल को लेकर सोनीपत पहुंची और घर से करीब दो लाख रुपये, नकली नोट छापने की मशीन समेत अन्य सामान बरामद कर अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि साहिल खर्ब, राजस्थान निवासी गोसाई राम और जयपुर निवासी पुष्कर राज पुरबिया नकली नोटों की खेप देने वाले हैं। रोहिणी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से क्रमश: 1.01 लाख, 2.87 लाख और 3.50 लाख रुपये के जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों के स्थानीय और साप्ताहिक बाजारों में जाली नोट चलाने की बात सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है। मामले में प्रशांत विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
सोनीपत के एसीपी मुख्यालय अजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस आरोपी को यहां लेकर आई थी और कुछ सामान बरामद कर ले गई। मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।