सोनीपत। मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय में खेली जा रही अखिल भारतीय सिविल सेवा कबड्डी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में दिल्ली की टीम और महिला वर्ग में बंगाल की टीम विजेता बनी। बुधवार को सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले खेले गए। अंतिम दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। सभी प्रतिभागी टीमों ने जीत के लिए विपक्षी टीमों के सामने कड़ी चुनौती पेश की।
समापन समारोह में बतौर अतिथि पहुंचे पानीपत थर्मल पावर प्लांट के मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम सिंह मोर व दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के खेल निदेशक बीरेंद्र हुड्डा ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की करीब 45 टीमों के 736 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान खेल विभाग के उप निदेशक राम मेहर सिंह, उप निदेशक सुनीता खत्री, जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) शर्मिला राठी, डीएसओ मुख्यालय श्रीपाल तंवर, डीएसओ रेवाड़ी मदनपाल, प्रशिक्षक रणबीर सिंह यहित प्रदेश भर से प्रशिक्षक मौजूद रहे।
यह रहा परिणाम
महिला वर्ग
पहला सेमीफाइनल : आरएसबी जयपुर व राजस्थान की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें जयपुर ने राजस्थान की टीम को 27-22 के अंतर से हराकर फाइनल मेें जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल : पश्चिमी बंगाल व हरियाणा की टीम के बीच खेला गया। जिसमें पश्चिम बंगाल ने हरियाणा की टीम को 23-17 के अंतर से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया।
फाइनल मुकाबला : पश्चिम बंगाल व आरएसबी जयपुर की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें पश्चिम बंगाल ने जयपुर को 33-25 के अंतर से हराते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में आरएसबी जयपुर को द्वितीय और राजस्थान व हरियाणा की टीमों को तृतीय स्थान से संतोष करना पड़ा।
--
पुरुष वर्ग
पहला सेमीफाइनल : सेंट्रल सचिवालय दिल्ली व आरएसबी चेन्नई के बीच खेला गया। जिसमें सेंट्रल सचिवालय दिल्ली की टीम ने आरएसबी चेन्नई की टीम को 55-38 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरो सेमीफाइनल : हरियाणा व राजस्थान की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें हरियाणा ने राजस्थान को 58-37 के अंतर से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला : केंद्रीय सचिवालय दिल्ली व हरियाणा की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें दिल्ली की टीम ने हरियाणा को 24-13 के अंतर से हराकर खिताब जीता।
प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम दूसरे, आरएसबी चेन्नई और राजस्थान की टीमें तीसरे स्थान पर रहीं।